जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। अयोध्या में श्रीरामलला के अचल विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होने के साथ ही शहर में भी रामोत्सव का उल्लास चरम पर पहुंच गया। जगह-जगह आतिशबाजी हुई। मंदिरों में प्रसाद बांटा गया। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। रामलला के स्वागत में मंदिरों से लेकर घर, गलियों और प्रतिष्ठान को फूलों और झालरों से सजाया गया है।सिकलापुर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक प्रभु राम के भजनों पर थिरके। पूरा शहर राममय नजर आ रहा है। हर तरफ रामधुन गूंज रही थी। शहर में दिवाली जैसा माहौल देखा गया। लोगों ने अपने घरों में सजावट की है। नगर निगम का मुख्य भवन भी सजाया गया है। लोक निर्माण विभाग के कार्यालय भी चमकते नजर आए। नगर निगम के पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर रामधुन गूंजती रही। बजाओ ढोल स्वागत में, मेरे घर राम आए हैं... जैसे गीत से शहर गुंजायमान रहा। विकास भवन, कलक्ट्रेट, नगर निगम, बिजली निगम के दफ्तर और विद्युत सबस्टेशन, बीडीए समेत अधिकतर सरकारी दफ्तरों में रोशनी की सजावट गई है। यह सजावट 27 जनवरी तक रहेगी।
जिला जेल (सेंट्रल जेल टू) के सभागार को आकर्षक झालरों व फूलों से सजाया गया था। इसमें बंदियों व स्टाफ को लाइव प्रसारण दिखाने के बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम को इन तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया था। बंदियों को सोमवार को विशेष भोजन की भी व्यवस्था की गई। सेंट्रल जेल में भी सजावट की गई।
200 स्थानों पर लगाई गई एलईडी और बड़ी स्क्रीन
बनखंडीनाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से होते हुए शोभायात्रा वापस मंदिर परिसर पहुंची। हवन-पूजन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन और दीपोत्सव से मंदिर परिसर राममय है। शहर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके लिए बड़े मंदिरों, पार्कों सहित लगभग 200 स्थानों पर एलईडी और बड़ी स्क्रीन लगाई गई। बाबा बनखंडीनाथ मंदिर, बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर, श्री धोपेश्वरनाथ मंदिर, बाबा अलखनाथ मंदिर, श्री तपेश्वरनाथ मंदिर, श्री हरि मंदिर, श्री बांके बिहारी मंदिर, कालीबाड़ी मंदिर सहित शहर के अन्य इलाकों में स्क्रीन की व्यवस्था की गई।

0 Comments