जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। अयोध्या में श्रीरामलला के अचल विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के चलते शासन ने शराब और मीट की दुकानें बंद रखने के आदेश दिए गए थे, लेकिन नवाबगंज तहसील के बरखन गांव में आदेश को दरकिनार करते हुए मीट विक्रेताओं ने दुकानें खोलकर बिक्री शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो दुकानदारों को मीट बेचते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने दो दुकानों को ताला डलवाकर बंद कर दिया।
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते शासन-प्रशासन ने सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करते हुए शराब और मीट की दुकानें बंद रखने के आदेश दिया गया था। लेकिन नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरखन गांव में मीट विक्रेताओं ने दुकानें खोलीं। मीट की बिक्री भी की गई। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने विधायक डाक्टर एमपी आर्य से की। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल श्रवण कुमार को जांच कर कार्रवाई को कहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो दुकानदारों को हिरासत में लेकर दुकानें बंद करा दीं। नवाबगंज के कोतवाल श्रवण कुमार ने बताया कि दुकान खोलकर मीट के ब्रिकी करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानों को बंद करा दिया है। पूछताछ में दुकानदारों ने बताया कि वो मीट को फ्रीजर में रख रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सिरौली थाने की पुलिस चौकी बड़ागांव के ठीक सामने देसी शराब की दुकान भी सोमवार को खुल गई। लोगों ने जब विरोध किया तो आरोपी ने कुछ समय के लिए दुकान बंद कर दी। कुछ समय बाद फिर उसने बिक्री शुरू कर दी। पुलिस भी सामने ही मौजूद रही। बावजूद उन्होंने कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई।

0 Comments