एसडीओ ने दिया पांच लाख रुपये मुआवजे और अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की मदद का आश्वासन
जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
पीलीभीत। माला जंगल में काम करने गए गंगाराम का अधखाया शव मंगलवार को गन्ने के खेत से बरामद हुआ। बाघ ने कमर के नीचे का भाग पूरी तरह खा लिया। पैर की एक हड्डी भी खेत में पड़ी मिली। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। एसडीओ मयंक पांडे के पांच लाख रुपये का मुआवजा और अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की मदद के लिखित आश्वासन पर ग्रामीण मानें। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। माधोटांडा क्षेत्र के गांव जमुनिया निवासी गंगाराम (37) सोमवार अपने चार अन्य साथियों के साथ वनकर्मी के बुलाने पर जंगल में सफाई करने पहुंचे थे। काम के दौरान सोमवार करीब एक बजे बाघ ने गंगाराम पर हमला कर दिया और खींचकर ले गया। चीख सुनकर साथी मजदूर मौके पर पहुंचे तो वहां जूते और अंगोछा पड़ा मिला। घसीटने के निशान देख अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी। इसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम के साथ जंगल में खोजबीन की। रात होने तक गंगाराम का कोई सुराग नहीं लग सका था।
मंगलवार सुबह वन विभाग के अलावा ग्रामीणों ने फिर खोजबीन शुरू की। मंगलवार सुबह बाद मथना बीट के जंगल सीमा से सटे बलराज सिंह के गन्ने के खेत में गंगाराम का अधखाया शव बरामद हुआ। शरीर में कमर के नीचे का भाग गायब मिला। गर्दन पर गहरे घाव थे। पैर की एक हड्डी कुछ दूरी पर पड़ी मिली। शव को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर मौजूद एसडीओ मयंक पांडे के पांच लाख रुपये मुआवजा और अंतिम संस्कार के 20 हजार रुपए की मदद का लिखित आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण मानें।
मजदूर का शव देखकर बेहोश हुई पत्नी
शव मिलने की जानकारी के बाद गंगाराम की पत्नी सरस्वती और बच्चे भी मौके पर पहुंचे गए। पति का शव देख पत्नी बेहोश हो गई। परिजन ने बमुश्किल सरस्वती को संभाला। बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। किसी तरह सभी को पुलिस वाहन में बैठाकर घर छुड़वाया गया।
घंटो तक हाथियों से चलती रही खोजबीन
मंगलवार सुबह पीटीआर प्रशासन द्वारा हाथियों को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। इसके अलावा दो रेस्क्यू ट्रैक्टर भी लगाए गए। टीमें पांच घंटे तक जंगल में गंगाराम की खोजबीन करती रही। मौके पर पहुंची पुलिस भी कांबिंग में जुट गई। करीब 11 बजे शव बरामद होने की जानकारी लगी।
जंगल में काम पर बुलाने की होगी जांच: डिप्टी डायरेक्टर
डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल का कहना है कि प्रथम दृष्टया बाघ द्वारा मारने की बात सामने आई है। ग्रामीणों को काम पर जंगल में बुलाने के मामले में जांच कराई जा रही है। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। घटना वाले क्षेत्र में एक बाघ की मौजूदगी देखी जा रही है।

0 Comments