रोडवेज बस को ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ भीषण हादसा

जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे पर मंगलवार सुबह स्कूल वैन, कैंटर और रोडवेज बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में वैन चालक उमेश (28), उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र दुष्यंत और छह वर्षीय छात्र आलेख की मौत हो गई। वैन में सवार छह बच्चे घायल हो गए। पांच बच्चों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि एक छात्रा की हालत देखकर उसे सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे लिया है। सूचना पर डीएम मनोज कुमार और एसएसपी आलोक प्रियदर्शी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल बच्चों का हाल जाना।


उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव जुनइया निवासी उमेश मंगलवार सुबह नौ बजे इको वैन में छात्र-छात्राओं को बैठाकर उनके स्कूल कैप्टन गजराम सिंह इंटर कॉलेज छोड़ने जा रहा था। उसकी वैन में गांव फूलपुर निवासी राधा (11) पुत्री सुरेंद्र, महर (9) पुत्री तेजपाल, उसकी बहन कृतिका (7), भाई आलेख (6), सरिता (6) पुत्री विक्रम, निशांत (6) पुत्र छत्रपाल, स्वाति (17) पुत्री सुरेंद्र आदि बच्चे सवार थे। उमेश का डेढ़ वर्षीय बेटा दुष्यंत उसकी गोद में बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसकी वैन बरेली-मथुरा हाईवे पर करुआ के नजदीक जुनइया मोड़ पर पहुंची थी। उस दौरान हल्का कोहरा भी था। उसने बदायूं जा रही अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस से ओवरटेक किया था, तभी सामने से तेज रफ्तार से आया कैंटर स्कूल वैन से टकरा गया। पीछे से रोडवेज बस ने भी वैन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वैन सवार छात्र-छात्राओं में चीख-पुकार मच गई। कैंटर और रोडवेज बस के चालक-परिचालक उसी दौरान मौके से भाग गए। बस के यात्री भी वहां से चले गए।


राहगीरों की सूचना पर उझानी कोतवाली इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत वैन चालक और सभी बच्चों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया, जहां उमेश, उसके बेटे दुष्यंत और आलेख को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर घायल छात्रा स्वाति को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। 

हादसे की सूचना पर डीएम मनोज कुमार, एसएसपी आलोक प्रियदर्शी, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, शेखूपुर के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने घायल बच्चों की स्थिति देखी। डीएम ने सभी बच्चों का गंभीरता से उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उझानी कोतवाली पुलिस ने हादसे के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में हुआ है। एक वैन कैंटर से टकराई है। वैन के पीछे से रोडवेज बस टकरा गई, जिससे पिता-पुत्र समेत तीन की मौत हुई है। छह बच्चे घायल हुए हैं। डॉक्टर ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।