जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। जिले के पीलीभीत बाईपास रोड पर मजार हटाने की सूचना पर मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैल गया। सैकडों की संख्या में पहुंचकर लोगों ने हाईवे पर उपद्रव कर दिया। घंटे भर से अधिक समय तक सड़क पर नारेबाजी की।
लोगो ने वीडियो बना रहे मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिया। मीडियाकर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर खुद को सुरक्षित किया। मजार हटाने की सूचना पर आइएमसी प्रवक्ता डा. नफीस, कांग्रेस प्रवक्ता कुलभूषण मिश्र उर्फ गुरुजी समेत अन्य मुस्लिम संगठन के लोग मजार पहुंचे। पीडब्ल्यूडी के द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है बुधवार को मजार से जुड़े लोगों को किसी ने सूचना दी कि मजार को तोड़ने के लिए बुलडोजर लगाया जा रहा है। सूचना तेजी से वायरल हो गई आसपास के क्षेत्र के लोग इकट्ठा होना शुरू हो गए। लोगों ने पीलीभीत बायपास रोड पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। इसी बीच आईएमसी के प्रवक्ता अपनी टीम के साथ पहुंचे उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत की। वहीं दूसरी तरफ आक्रोशित भीड़ बेकाबू हो गई। इस दौरान डॉ. नफीस नदीम अहमद ने कहा कि मजार को अपनी जगह से हटाया नहीं जा सकता है और यह मजार 150 साल पुरानी है, जिससे सभी की आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि बरेली नगर पालिका के साल 1921 के नक्शे के आधार पर प्रशासन को सभी समुदाय के धार्मिक स्थलों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि मजार के पास रोड पर चौड़ा मोड़ बना दिया जाए, जिससे किसी तरह की आपत्ति भी नहीं होगी। वहीं इस विरोध के बीच मदीना शाह मजार कमेटी और आईएमसी के नेताओं ने रुहेलखंड चौकी पहुंचकर इस मामले को लेकर पुलिस से बातचीत की। जिस पर पुलिस ने आश्वासन देते हुए कहा कि इस विषय पर सावन के बाद बैठ कर कोई रास्ता निकाला जाएगा, जिससे कोई विवाद की स्थित न बने।

0 Comments