जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। बरेली लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। रविवार को सुबह की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई। मीरगंज के गांव करमपुर में शनिवार देर शाम बारिश के दौरान घर की खपरैल गिरने से मलबे में दबकर पांच वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। एक महिला भी घायल हो गई। शहर में एक मकान के लिंटर का कुछ हिस्सा गिर पड़ा, जिससे मकान मालिक घायल हो गया।
मीरगंज तहसील के गांव करमपुर की कलावती शनिवार शाम अपने नाती शनि कश्यप पुत्र बाबूराम के साथ खपरैल के नीचे चारपाई पर लेटी थीं। तभी अचानक खपरैल गिर गई। खपरैल के मलबे में कलावती और शनि दब गए। आवास सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और मलबा हटाकर दादी-नाती को निकाला, लेकिन तब तक शनि की मौत हो गई थी। घायल कलावती को अस्पताल में भर्ती कराया है। लोगों ने बताया कि गनीमत रही कि परिवार के अन्य लोग दूसरे घर में लेटे थे, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। प्रभारी निरीक्षक मीरगंज हरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हे घटना की जानकारी नहीं है, पता कराया जा रहा है।
बारिश में गिरा मकान का लिंटर
शनिवार सुबह बारिश में एक मकान के लिंटर का कुछ हिस्सा गिर पड़ा। इससे बिहारीपुर कसगरान निवासी 45 वर्षीय राकेश घायल हो गए। उनको शनिवार सुबह घरवालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। राकेश ने बताया कि उनका घर काफी जर्जर है। मामूली बरसात में घर की छत का एक हिस्सा गिर गया और वह मलबे में दब गए। मोहल्ले के लोगों ने उनको मलबे से बाहर निकाला।

0 Comments