जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

बरेली। सीबीगंज क्षेत्र में खूंखार कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं रहा। सीबीगंज क्षेत्र के गांव खना गौंटिया बंडिया में शनिवार को घर के पास खेल रहे दो बच्चों पर कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चों को कई जगह से नोच लिया। बच्चों के चीखने पर आसपास के लोगों ने कुत्तों को भगाकर बच्चों की जान बचाई। इस दौरान दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव बंडिया में 16 जून को फरजंद अली की नौ वर्षीय बेटी चांद बी पर कुत्तों ने हमला कर दिया था। वह घर से दुकान पर चीनी खरीदने गई थी। इसी दौरान जंगल की तरफ से आए कुत्तों ने बच्ची पर हमला बोल दिया था। चांद बी गंभीर जख्मी हो गई थी। उसे उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया था। 13 जून को अबरार के 11 साल के बेटे शाहनवाज को कुत्तों ने घायल कर दिया था। ग्रामीणों के मुताबिक दो साल में यहां खूंखार कुत्ते चार बच्चों की जान ले चुके हैं, जबकि 18 से अधिक बच्चों को काटकर जख्मी कर चुके हैं। दो महीने पहले खना गौटिया गांव के अयान की कुत्तों के हमले से मौत हो गई थी। फरवरी में बंडिया नई बस्ती निवासी बच्ची परी को कुत्तों ने मार डाला। पिछले साल रोहणी और मोरपाल नाम के बच्चों की कुत्तों के हमले में मौत हो चुकी है।