जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

बरेली। शाही थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तालाब किनारे मिट्टी खोदते समय हादसा हो गया। कुल्छा गांव में तालाब किनारे खोदाई करते समय मिट्टी की ढांग गिरने से सात ग्रामीण दबे गए। इनमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के मुताबिक कुल्छा गांव निवासी गुड़िया देवी, विद्या, इंद्रावती, रमेश, प्रेमपाल, वेद प्रकाश व रिंकू आदि लोग रविवार सुबह गांव के बाहर तालाब के किनारे से पीली मिट्टी खोद रहे थे। 


इसी दौरान मिट्टी की ढांग भरभराकर गिर गई। खोदाई कर रहे लोग मिट्टी के नीचे दबे गए। इस दौरान घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। चीख-पुकार सुन आसपास खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और मिट्टी हटाकर लोगों को बाहर निकाला। हादसे में गुड़िया देवी की मौके पर मौत हो गई। अन्य छह लोगों को चोटें आई हैं। घायलों में विद्या की हालत गंभीर बताई गई है। इसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। बाकी अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।