बरेली। फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्यामबिहारी लाल से उनके कार्यालय में घुसकर अभद्रता की गई। आरोप है कि विधायक को जातिसूचक शब्द कहे गए है। बता दे कि कैंट थाना क्षेत्र के चनेहटा गांव निवासी अमृतपाल व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एससीएसटी एक्ट व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. श्यामबिहारी लाल अपने कार्यालय में बैठे थे। उसी समय कैंट थाना क्षेत्र के गांव चनेहटा का रहने वाला अमृतपाल व एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे। अमृतपाल ने विधायक को अपनी कोई समस्या बताकर सिफारिश करने को कहा। विधायक ने उनसे कहा कि अपने क्षेत्र के विधायक को जाकर बताएं, वह तुम्हारी मदद कराएंगे। इसी बात पर अमृतपाल आगबबूला हो गया और विधायक से झगड़ा करने लगा। आरोप है कि अमृतपाल ने विधायक श्याम बिहारी लाल को जातिसूचक शब्द कहते हुए गालियां देने लगा। 

वहां मौजूद उनके कार्यकर्ता पुष्पेंद्र बघेल व अन्य कार्यकर्ताओं ने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। कार्यकर्ताओं ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया।

विधायक के कार्यकर्ता पुष्पेंद्र बघेल ने फरीदपुर थाने में आरोपी अमृतपाल व उसके अज्ञात साथी के खिलाफ जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज एवं जातिसूचक शब्द कहने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।

भाजपा विधायक डॉ. श्यामबिहारी लाल ने बताया कि मेरे कार्यालय में आकर दो लोगों ने अभद्रता की और जातिसूचक शब्द कहे। इस मामले में मेरे कार्यकर्ता की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।