बरेली। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल शुकवार को बरेली पहुंचे थे। उसके बाद उन्होंने सपा समर्थित उम्मीदवार के लिए बहेड़ी में एक जनसभा में शिरकत की। उसके बाद देर रात बरेली वापस हुए। शनिवार को उन्होंने निकाय चुनाव में सपा समर्थित निर्दलीय महापौर प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर व नगर निगम पार्षद पद के 80 वार्डों के प्रत्याशी के लिए सपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। वहीं इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पुरानी गलतियों से सीख लेकर आगामी चुनाव में जी जान से जुटने को कहा। 


इस दौरान उन्होंने कहा कि किस तरह से भाजपा सरकार ने लोगों को ठगने का काम किया है। समाजवादी पार्टी उनके इस मुखोटे को जल्दी उतार फेंकेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सदा जनता के हित में कार्य किया है और आगे भी करती रहेगी। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा लोगों को लड़ाने का काम किया है जनता उसके इस चेहरे को पहचान चुकी है। 


इस दौरान जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी, आदेश यादव उर्फ गुड्डू, प्रमोद बिष्ट, विजय पाल सिंह व अगम मौर्य सहित भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।