बरेली। शहर के वार्ड 66 में अजब-गजब चुनावी पोस्टर देखने को मिल है। वार्ड 66 के एक पोस्टर पर पार्षद के भाजपा उम्मीदवार संजय राय और सपा समर्थित मेयर प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर एक ही पोस्टर पर देखे गए है। बताया जाता है की गुरुवार को वार्ड 66 में एक चुनाव नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया था। 

उधर गली की सरकार यानि वार्ड पार्षदों के भी चुनाव जीतने के अपने-अपने फंडे हैं। कई वार्डों में प्रत्याशियों के रुख से हालात ये हैं कि जनता ये नहीं समझ पा रही कि वार्ड में किसका समर्थन करें और निगम की पहली सीट पर किसे बैठाएं। बरेली के एक वार्ड में ऐसी गोटी फिट हुई है कि जनता भी असमंजस में आ गई है। दरअसल बरेली के वार्ड 66 में भाजपा के पार्षद उम्मीदवार संजय राय के चुनावी पोस्टर की चर्चा इस समय पूरे शहर में फैली हुई है। पोस्टर देखकर हर कोई हैरान है, पोस्टर में संजय राय के लिए कमल के फूल चुनाव चिन्ह पर वोट मांगा गया है। वहीं मेयर पद के लिए डा आईएस तोमर के लिए चुनाव चिन्ह जीप पर वोट देने की अपील की गई है। दरअसल यह पोस्टर समर्थक पंकज रोहतगी की ओर से छपवाया गया है। पोस्टर में नीचे समर्थक पंकज रोहतगी और उनके साथियों के नाम निवेदक के तौर पर दिए गए हैं। पोस्टर को लेकर जब शहर में चर्चा फैली और पोस्टर वायरल हुआ तो तरह तरह के कयास लगने लगे। जिसके बाद पार्षद प्रत्याशी संजय राय ने पोस्टर को लेकर अपनी बात भी रखी है। संजय राय ने कहा कि यह पोस्टर पंकज रोहतगी की ओर से जारी किया गया है। ये उनकी निजी राय है। वे भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं।