बरेली। कड़ी सुरक्षा के बीच जिले में आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह 7 बजे से पहले ही लोग मतदान स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए। मतदान कर्मियों ने मतदान सुचारू रूप से शुरू करा दिया है। देश का 50 वां सबसे बड़ा शहर बरेली आज अपना महापौर चुन रहा है। मतदान शुरू होने से करीब एक घंटे पहले मॉक पोल का आयोजन किया गया। मॉक पोल प्रत्याशियों के मतदान एजेंट्स की मौजूदगी में किया गया। इसमें 50 मत डालकर सुनिश्चित किया गया कि सब कुछ ठीक है। मॉक पोल की रिपोर्ट प्रेक्षक और कंट्रोल रूम को भेजी गई। बरेली नगर निगम में एक मेयर तथा 80 वार्ड पार्षद का चुनाव करने के लिए 8 लाख 47 हजार 763 मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है।

निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए मतदान स्थल के आसपास चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स तैनात है। वहीं कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन खुराफाती लोगों पर नजर रखे हुए है। संवेदनशील अतिसंवेदनशील व क्रिएटिव पोलिंग बूथ पर कैमरे से निगरानी की जा रही है।

वन मंत्री व शहर विधायक डॉ अरुण कुमार अपने बड़े भाई अनिल कुमार सक्सेना सहित अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने बताया मतदान हमारा अधिकार है वोट जरूर करें हमारा एक वोट देश के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस महापर्व में सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।