बरेली। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप पर धमकाने व मारपीट की प्राथमिकी लिखाने वाले ड्राइवर दिनेश सिंह भी कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। सपा जिलाध्यक्ष ने दिनेश सिंह व उनके दो अन्य साथियों के विरुद्ध चोरी व धमकाने की धारा में प्राथमिकी लिखाई है। सपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक, आरोपित दिनेश सिंह बीते छह माह से उनकी गाड़ी चला रहा था। चुनाव कार्यक्रम में होटल किंग हेरिटेज में जाना था। गाड़ी में पीछे की सीट पर एक बैग रखा था, जिसमें 18 हजार रुपये रखे थे। रास्ते में गाड़ी रुकवाकर एक व्यक्ति से मिलने लगा। मिलने के बाद जब ड्राइवर से चलने के लिए कहा। वह अपने दो साथियों संग खड़ा था। आते वक्त वह डगमगा रहा था। पास आया तो पता चला कि वह शराब के नशे में है। इधर, उसके साथी भाग खड़े हुए। बैग में रखे रुपये भी गायब थे। इस पर सवाल किया तो आरोपित ने धमकाते हुए कहा कि तुम भले जिलाध्यक्ष हो, हमारे भी संबंध कम नहीं हैं और अभद्रता करते हुए धमकाया। खुद पर प्राथमिकी लिखे जाने की जानकारी के बाद जिलाध्यक्ष ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी को पूरा घटनाक्रम बताया। एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने प्राथमिकी लिखकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आपको बता दें इससे पहले 20 अप्रैल को दिनेश सिंह ने सपा जिलाध्यक्ष समेत चार लोगों पर आरोप लगाए थे कि आरोपितों ने शराब के नशे में उनकी पिटाई कर दी। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायती पत्र पर कैंप पुलिस ने शिवचरन कश्यप, मीरगंज विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार, उनके बेटे व एक अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी थी।