बरेली। बरेली समेत पूरे मंडल में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। बरेली में ईद-उल-फितर की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। ईदगाह में शनिवार सुबह 10:30 बजे ईद की नमाज अदा की गई। यहां हजारों लोग जुटे। ईदगाह पर सुबह से ही लोग पहुंचने लगे। यहां काजी उल हिन्दुस्तान मुफ्ती असजद रजा खां कादरी ने नमाज अदा कराई। इससे पहले शाही जामा मस्जिद में सुबह 9:30 बजे नमाज हुई। नमाजियों ने देश में खुशहाली, अमन और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की। इसके बाद लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों में ईदी पाने के लिए खासा उत्साह है। दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने अपील करते हुए कहा कि गरीबों के साथ ईद की खुशियां बांटे। लोगों में खुशियां बांटने का नाम ईद है। इसलिए गरीबों व जरुरतमंदों की खूब मदद करें। ये इंसानियत का भी त्योहार है। उन्होंने कहा कि ईद हमें इस बात की भी तालीम देती है कि हम अपने रब की रजा की खातिर इबादत करें। दरगाह उस्तादे जमन ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीरा ए आलाहजरत मौलाना मोहम्मद कैफ रजा खां कादरी ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। बता दें कि शुक्रवार को अलविदा की नमाज के बाद शाम को चांद का दीदार हो गया था। इसके बाद बाजारों में लोग पहुंचे और देर रात तक खरीदारी का दौर जारी रहा।