बरेली। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद शनिवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने बड़ा डाकखाना के पास स्थित भाजपा के मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में जितिन प्रसाद ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नगर निकाय चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले निकाय चुनाव ट्रेलर है। उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। साथ ही यह भी कहा कि बरेली को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाना है और वह हम बना करके देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अक्टूबर में कुतुबखाना पुल का फीता काट देंगे। उन्होंने कहा कि होठों में ताला है। आचार संहिता लागू है और सामने मीडिया के कैमरे हैं। इसलिए बहुत कुछ नहीं बोल सकते। लेकिन विकास की रफ्तार के लिए भाजपा को जिताने का आह्वान करते हैं। इससे पहले जितिन प्रसाद के बरेली पहुंचने पर भाजपा विधायकों, नेताओं, कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर जितिन प्रसाद ने कहा कि निकाय चुनावों में प्रदेश भर में इस बार कमल खिलने जा रहा है। इस मौके पर उद़घाटन समारोह में सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, वन मंत्री डा अरूण कुमार समेत कई विधायक, भाजपा के चुनाव प्रभारी सलिल विश्नोई, महासनगर अध्यक्ष डा केएम अरोड़ा, संयोजक अधीर सक्सेना समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments