जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

बरेली। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी देकर विरोध जताने का एलान किया है। इसको लेकर शुक्रवार सुबह से शहरभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। 

शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे करीब मौलाना तौकीर रजा अपने घर से निकले। वह कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामिया मैदान के पास स्थित मस्जिद में पहुंचे। वहां उन्होंने नमाज अदा की, धीरे-धीरे वहां उनके समर्थकों की भीड़ जुट गई।

नमाज के बाद मौलाना तौकीर रजा भारी भीड़ के गिरफ्तारी देने के लिए इस्लामिया मैदान की ओर आने लगे, इस पर पुलिस बल ने बिहारीपुर पुलिस चौकी के उन्हें रोक लिया। 

वहीं, दूसरी ओर हजारों की संख्या में मौजूद मौलाना के समर्थकों ने पीएम मोदी, सीएम योगी, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, बुलडोजर बाबा और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, गिरफ्तारी देने पहुंचे मौलाना तौकीर रजा की पुलिस हल्की नोकझोक भी हुई। 

वहीं, जानकारी के अनुसार आईएमसी संगठन प्रभारी को नमाज के बाद मौलानगर मस्जिद से निकलते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। 

इस दौरान इस्लामिया मैदान को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। यहां 1400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। छह एएसपी और 12 सीओ के हाथों सुरक्षा की कमान है। आपात स्थिति से निपटने के लिए चार कंपनी पीएसी और एक कंपनी आरएएफ की भी तैनाती की गई है।  

 लागू हुआ सेक्टर जोनल सिस्टम 

हल्द्वानी में हुए बवाल और शुक्रवार की नमाज के मद्देनजर डीएम रविंद्र कुमार ने पूरे जनपद में सेक्टर जोनल सिस्टम लागू कर दिया है। जगह जगह पुलिस- मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। चौक-चौराहों भी पर नाकेबंदी की गई है। पुलिस फोर्स ड्यूटी पर मुस्तैद हैं। डीएम ने बताया कि पूरे जिले में शांति व्यवस्था बिल्कुल सामान्य है।

प्रशासन ने कि अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी गलत सूचना पर अनावश्यक रूप से परेशान न हों। कानून व्यवस्था संबंधी ऐसी कोई सूचना मिलती है तो तत्काल नजदीकी थाना-तहसील या जिला प्रशासन को सूचित करें। अनावश्यक चौराहों पर भीड़ नहीं लगाएं।