जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। छुट्टा पशु लोगों के लिए लगातार खतरे का सबब बने हुए हैं। छुट्टा पशुओं की वजह से आए दिन घटनाएं घट रही हैं। गुरुवार की सुबह बड़ा बाईपास पर पुल के पास अचानक सड़क पर आए एक छुट्टा पशु से कार टकरा गई। कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे कार में स्पार्किंग के बाद आग लग गई। आनन-फानन में कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान कार पूरी तरह से जल गई।


जानकारी के मुताबिक सुभाष नगर के रहें वाले रविकांत फरीदपुर इलाके की भरतपुर ग्रामीण बैंक शाखा में कैशियर हैं। वह गुरुवार को सुबह घर से बैंक के लिए निकले थे। बड़ा बाईपास पर पुल के पास अचानक उनकी कार के सामने छुट्टा पशु आ गया। उससे कार टकरा गई जिसके बाद रविकांत ने अचानक ब्रेक लगाए। ब्रेक लगाते ही कार में स्पार्किंग के साथ आग लग गई। रविकांत ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। घटना के बाद बड़ा बाईपास की एक लेन पर यातायात रुक गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया। वहां मौजूद लोगों ने जलती कार का वीडियो बना लिया। मौके पर पहुंची बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।