जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। अयोध्या में सोमवार को श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। रामोत्सव को लेकर बरेली में भी रविवार को उल्लास देखा गया। हर तरफ रामधुन गूंज रही है। मंदिरों में भव्य सजावट की गई है। शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। 

इसी कड़ी में रविवार को शहर के आनंद आश्रम से रामदूत शोभायात्रा निकाली गई। इसमें आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कड़ाके की सर्दी भी रामभक्तों के कदम नहीं रोक सकी। महिलाएं, पुरुष और बच्चों समेत हजारों लोग शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा से पहले कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भगवान श्री राम, माता सीता, श्री लक्षण और हनुमान जी के स्वरूपों की पूजा अर्चना की। उसके बाद यात्रा को रवाना किया।


आनंद आश्रम से रविवार को सुबह करीब 11:30 बजे रामदूत शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा आनंद आश्रम से गांधी उद्यान, केवश कृपा (प्रभा टाकीज रोड), चौकी चौराहा, पटेल चौक, हनुमान मंदिर, रोडवेज बस स्टैंड, बरेली कॉलेज गेट, कालीबाड़ी, श्यामगंज होते हुए विकास भवन रोड से आनंद आश्रम पहुंची। रामदूत शोभायात्रा में शामिल भक्त रामभजनों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। हर कोई रामोत्सव के उल्लास में सराबोर दिखाई दिया। जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। भगवान श्री राम की रामदूत शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में राम भक्त मौजूद रहे।