जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

बरेली। नॉवेल्टी चौराहा स्थित त्यागी रेस्टोरेंट की पूड़ी सब्जी में छिपकली निकलने की शिकायत पर एफएसडीए ने कार्रवाई शुरू कर दी। शुक्रवार को एफएसडीए की टीम ने त्यागी रेस्टोरेंट पर छापा मारकर पूड़ी सब्जी के सैंपल लिए है। रेस्टोरेंट में गदंगी देख एफएसडीए के अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालक को चेतावनी नोटिस जारी किया है। शुक्रवार को दो सब्जी और एक पूड़ी का सैंपल लेकर जांच के लिया लैब भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद रेस्टोरेंट संचालक पर कार्रवाई की जायेगी। 

आपको बता दें कि एक दिन पहले खुशबू एन्क्लेव के रहने वाले तनवीर उल इस्लाम त्यागी रेस्टोरेंट से चार प्लेट पूड़ी सब्जी पैक कराकर घर ले गए थे। उनका आरोप है कि जब वह पूड़ी सब्जी लेकर घर पहुंचे तो उसमे छिपकली निकली। तनवीर उल इस्लाम ने इस मामले की शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट से की थी। जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने सहायक आयुक्त खाद्य को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को एफएसडीए की टीम ने रेस्टोरेंट पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी। जब टीम ने शुक्रवार को दोपहर त्यागी रेस्टोरेंट पर छापा मारा तो वहां दो सब्जियों के साथ ग्राहकों को पूड़ियां परोसी जा रही थीं। एफएसडीए की टीम ने दोनों सब्जी और पूड़ी का सैंपल लेकर लैब भेजा। इसके बाद साफ-सफाई का जायजा लिया तो रेस्टोरेंट में गंदगी मिली। इस पर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस दिया गया है। 

सहायक आयुक्त खाद्य अपूर्व श्रीवास्तव ने बताया कि त्यागी रेस्टोरेंट की पूड़ी में छिपकली निकलने की शिकायत की गई थी। जिसपर त्यागी रेस्टोरेंट की पूड़ी और दो सब्जियों के नमूने लेकर जांच को भेज दिए है। रेस्टोरेंट में गंदगी को लेकर नोटिस भी दिया गया है।