जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। कोतवाली थाना क्षेत्र के नॉवल्टी चौराहे पर स्थित मशहूर दीनानाथ लस्सी वाले की खुलेआम गुंडई का एक वीडियो सामने आया है। योगी सरकार जहां एक और महिला सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चला रही है तो वहीं दूसरी ओर बीच सड़क पर दीनानाथ लस्सी वाले और उनके कर्मचारी महिला व उसके साथ मौजूद दो युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में महिला और उसके साथ मौजूद दो युवकों को कई लोग सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। लाठी डंडों से पीट रही महिला और उसके साथ मौजूद युवकों ने कोतवाली में घुसकर अपनी जान बचाई। यह पूरी घटना नॉवल्टी चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 

जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को लगभग 6:30 बजे करीब फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र की रहने वाली मंजू गुप्ता उनके भाई संतोष, शिवम और बेटा शौर्य दवा लेने के लिए बरेली आए थे। महिला ने बताया की दवा खाने के लिए दीनानाथ लस्सी से महिला ने अपने भाई से पानी मंगवाया था। पानी मांगने के दौरान दीनानाथ लस्सी वालों ने महिला उसके भाई और उसके बेटे के साथ पहले गाली गलौज की फिर जमकर मारपीट की। इसके बाद चौराहे पर जाम लग गया और तमाम लोग इकट्ठा हो गए। इसी दौरान कवरेज करने पहुंचे एक मीडियाकर्मी से भी अभद्रता की गई। दीनानाथ लस्सी की दुकान पर मौजूद एक युवक ने मीडियाकर्मी का मोबाइल फोन भी छीन लिया। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। महिला व उसके भाई को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दुकान मालिक के भाई श्यामगंज आंचल कॉलोनी निवासी आशू, उसके कर्मचारी बाग ब्रिगटान निवासी अंकित व शाहबाद के सन्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है। इंस्पेक्टर कोतवाली धर्मेंद्र सिंह ने विवाद सौ रुपये के छुट्टे को लेकर हुआ। महिला ने सौ रुपये के छुट्टे मांगे तो दुकानदार ने इनकार कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और मारपीट हुई।