जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। बहेड़ी क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर टोल प्लाजा के निकट मंगलवार सुबह हादसा हो गया। यहां स्कूल बस ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। गांव बिजौरिया गौंटिया निवासी दोनों व्यक्ति राधास्वामी सत्संग में शामिल होने रूद्रपुर जा रहे थे। उनकी मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। गांव बिजौरिया गौंटिया निवासी मिढ़ई लाल कश्यप अपने पड़ोसी मुन्नालाल के साथ बाइक से राधास्वामी सत्संग में शामिल होने रूद्रपुर जा रहे थे। हाईवे पर टोल प्लाजा से पहले डंडिया गांव के पास पीछे से आ रही निजी स्कूल की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों लोग बाइक से सड़क पर गिर गए। स्कूल बस दोनों के ऊपर से गुजर गई। मिढ़ई लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मुन्ना लाल को आनन-फानन एंबुलेंस के जरिए बरेली भेज दिया गया। बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान घायल मुन्ना लाल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक मिढ़ई लाल का भतीजा उमराय लाल अपने साथियों संग घटनास्थल के पास ही खेत में काम कर रहा था। जब हादसा हुआ तो वह मौके पर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लिया है।

0 Comments