जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। देवरनियां क्षेत्र में 30 अगस्त से लापता युवक की हत्या कर दी गई। गुरुवार को उसका कंकाल देवरनियां के जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक को उसका दोस्त घर से बुलाकर ले गया था। बहेड़ी पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। मृतक के परिजनों ने एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। थाना बहेड़ी के गांव मिंतरपुर निवासी रामचंद्र राठौर का 20 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार 30 अगस्त से लापता था। रामचंद्र ने बताया कि रिछा बिजलीघर में संविदा पर काम करने वाला बहेड़ी के गांव उलैहतापुर निवासी उसका दोस्त सुनील कुमार उसे बुलाकर ले गया था। सुनील के साथ दिनेश और रिछा निवासी विशाल भी बिजली का काम सीखते थे। दिनेश कुमार को परिजनों ने काफी तलाशा, मगर वह नहीं मिला। सुनील ने भी कुछ नहीं बताया। इस पर दो सितंबर को बहेड़ी थाने में पिता रामचंद्र ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसके बाद बहेड़ी थाना पुलिस ने सुनील कुमार और विशाल को हिरासत में ले लिया था। गुरुवार को खेतों पर काम करने गए ग्रामीणों ने थाना देवरनियां के गांव सिंधौरा में गेंदनलाल के गन्ने के खेत में कंकाल पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और दिनेश के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कपड़ों से मृतक की पहचान दिनेश उर्फ सुरिया के तौर पर की। 

इंस्पेक्टर देवरनियां देवेंद्र सिंह धामा के साथ बहेड़ी पुलिस मौके पहुंची। जांच पड़ताल करने के बाद देवरनियां पुलिस ने कंकाल का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल और सीओ बहेड़ी डॉक्टर तेजवीर सिंह ने भी मौका मुआयना किया।