मौके पर पहुंचे योगी सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह

जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। अलीगंज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान निकल रही शोभायात्रा में बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान हाईटेंशन लाइन में करंट उतरने से यात्रा में शामिल तीन युवक झुलस गए। घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। गुस्साए ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाइडिल पर पथराव कर दिया और जमकर हंगामा किया। वहीं शोभायात्रा के दौरान अचानक विद्युत सप्लाई चालू होने से लोगों ने बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही बताई है। 


बता दें, गुरुवार को कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शेाभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा से पहले शोभायात्रा कमेटी ने बिजली विभाग को इस दौरान विद्युत सप्लाई चालू न करने को लेकर परमिशन के लिए पत्र लिखा था। 9 बजे सुबह यात्रा निकला शुरू हुई, 2 बजे के समय अलीगंज थाने के पास जब शोभायात्रा गुजर रही थी, इस दौरान बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। शोभायात्रा के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में डीजे पर चढ़े तीन युवक करंट की चपेट में आ गए। अचानक करंट उतरने से भगदड़ मच गई। आनन-फानन में चारों युवकों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीन युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। घायल युवकों के नाम अलीगंज निवासी 24 वर्षीय अर्पीत गुप्ता पुत्र राम औतार गुप्ता, 17 वर्षीय उज्जवल गुप्ता पुत्र बब्लू गुप्ता, बिसारतगंज निवासी रोहित गोस्वामी पुत्र तुलसी गोस्वामी बताया जा रहा है। अर्पित गौरक्षा दल व उज्जवल और रोहित विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, एसीएम प्रथम नहने राम, सीओ आशीष प्रताप सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

कैबिनेट मंत्री ने एक्सईएन आंवला को जांच के निर्देश दिए। वहीं शहर के निजी अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जानने के लिए डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान एडीएम सिटी समेत कई अफसर पहुंचे। वहीं, डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।