जिलेभर में तेल और खाद्यान्न का काला कारोबार करने वालों से वसूला जाता है मोटा रुपया

जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। जिला पूर्ति विभाग के बाबू की व्हाट्सएप कॉल का रिकॉर्ड अवैध वसूली का खेल और माफिया कनेक्शन उजागर के लिए काफी है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि जिलेभर में होने वाले अवैध तेल और खाद्यान्न के कारोबार से लाखों रुपए की वसूली बाबू के जरिए की जाती है। इस अवैध वसूली के खेल के लिए जिला पूर्ति अधिकारी ने बाबू को मोहरा बना रखा है। विभागीय सूत्र बताते है की माफिया और अवैध कारोबारी से बाबू की व्हाट्सएप कॉल के जरिए बात होती है। वहीं लोगों का मानना है कि व्हाट्सएप के जरिए बात करने पर बातचीत सुरक्षित रहती है और उसका कोई रिकॉर्ड भी नहीं होता है। लेकिन अगर आईटी के विशेषज्ञों की माने तो व्हाट्सएप की कॉल का रिकॉर्ड भी निकाला जा सकता है। अगर इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तो यह पूरा खेल खुलकर सामने आ जाएगा। 

सजातीय बंधु की डायरेक्ट एंट्री

जिले में अवैध तेल का भंडारण कर अन्य राज्यों में सप्लाई देने का कारोबार करने वाले एक सजातीय बंधु की विभाग और अफसर तक डायरेक्ट एंट्री है। विभागीय सूत्र बताते हैं की सजातीय बंधु बाबू के बिना ही जिला पूर्ति अधिकारी की सीधी चरण वंदना करता है। इस पर सवाल इसलिए भी खड़े होते हैं। इसी तरह के अवैध तेल का भंडारण कर कारोबार करने वाले मीरगंज थाना क्षेत्र के एक कारोबारी पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जिला पूर्ति विभाग की ओर से लगातार कई मुकदमे दर्ज कराए गए। लेकिन इन सजातीय बंधु पर जिला पूर्ति विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज करना तो दूर की बात है। आज तक ना तो भंडारण स्थल पर जांच की गई। नहीं उसे अवैध तेल का कभी सैंपल लेकर जांच को भेजा गया। जबकि बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में बने इस गोदाम में भंडारण करने की कोई भी अनुमति नहीं है। उससे भी बड़ी दिलचस्प बात यह है इसी थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले विभाग ने एक इसी तरह के भंडारण के गोदाम से अवैध तेल का एक बड़ा टैंकर पकड़ा था। जिस पर काफी जद्दोजहद के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया था। इन सब से ऐसा प्रतीत होता है की विभाग सजातीय बंधु के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए अन्य अवैध कारोबारी पर शिकंजा कसता हुआ दिखाई देता है।


कई क्षेत्रों में खुलेआम चोरी किया जाता है तेल

जिले की कई तहसील क्षेत्र में सड़क किनारे है या ढाबों पर टैंकरों से खुलेआम तेल चोरी किया जाता हैं। लेकिन विभाग जानकर भी इन पर आंखें मूंदे हुए बैठा रहता है। तेल चोरी के कई वीडियो ट्विटर पर ट्वीट हुए लेकिन विभाग उन पर भी कोई कार्रवाई नहीं कर पाया। विभागीय कार्रवाई केवल वहीं तक सीमित रह गई है। जहां से विभाग का तालमेल नहीं है। 


उत्पीड़न का शिकार हुए व्यापारी ने की शासन में शिकायत

जिला पूर्ति विभाग की टीम के उत्पीड़न का शिकार हुए एक व्यापारी ने शासन में शिकायत की है। व्यापारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनके साथ विभाग ने डरा धमका कर लाखों रुपए की वसूली की थी। उन्होंने बताया कि उनके वहां किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार नहीं होता है। लेकिन विभाग की टीम ने दबाव में लेकर उनसे लाखों रुपया वसूल लिया था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की शिकायत शासन में की है।