जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात दूसरे समुदाय के युवकों ने युवती से छेड़खानी की। इस पर युवती के परिजनों ने मुख्य आरोपी के घर जाकर शिकायत की तो मारपीट हो गई। आरोपी पक्ष ने युवती पक्ष के लोगों पर धर्मस्थल में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। दूसरे पक्ष ने परिवार की बेटी के अश्लील फोटो वीडियो वायरल करने की बात कही। इससे गांव में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर गांव में नाकेबंदी कर दी। गांव निवासी युवती की किशोरावस्था में स्कूल में पढ़ाई के दौरान दूसरे समुदाय के सहपाठी छात्र से बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि पुरानी चैटिंग और एक वीडियो को अश्लील बनाकर अब वायरल किया जा रहा था। युवती के बारे में इस तरह की चर्चा उसके परिजनों को पता लगी तो उन्होंने नाराजगी जताई। 

सरेराह युवती से की छेड़खानी 

युवती पक्ष के मुताबिक, उनकी बेटी जब शाम सात बजे घर की ओर आ रही थी तभी दूसरे समुदाय के उसके सहपाठी और कुछ लड़कों ने उसे रास्ते में रोककर छेड़खानी की। कहा कि तुम्हारी चैटिंग व वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। युवती ने घर जाकर इसकी शिकायत परिजनों से की। वह कुछ लोगों के साथ दूसरे समुदाय के युवक के घर पहुंचे और शिकायत की। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। 

युवती पक्ष के लोग लौटकर आ रहे थे तभी उन्हीं के समुदाय से जुड़े कुछ राजनैतिक लोग पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने दूसरे समुदाय के धर्मस्थल के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद दूसरे समुदाय के लोग भी एकजुट हो गए। तनातनी के बीच एसपी देहात चार थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव में अंदर से बाहर तक पुलिस तैनात कर दी गई है।

दो परिवारों से जुड़ा है मामला, बेवजह दे रहे तूल

एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि एक युवती की बताई जा रही चैटिंग वायरल होने का आरोप लगाकर मारपीट की गई थी। यह दो समुदायों का नहीं बल्कि दो परिवारों से जुड़ा मामला है। इसे तूल देने की कोशिश की गई। धर्मस्थल का एक शीशा टूट गया था। जिसे सही करा दिया गया। एक युवक से पूछताछ की जा रही है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।