जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

मीरगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर को हरिद्वार से जल लेकर आ रहे कावड़िए को पिकअप ने टक्कर मार दी। गुस्साएँ कावड़ियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग जाम होने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच मच गया। लगभग आधे घंटे तक कावड़ियों ने रोड को जाम रखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल जाम को खुलवाया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात चालू करवाया। घायल कावड़िए के चाचा की ओर से इस बाबत मीरगंज थाने में लिखित तहरीर दी गयी जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।


बता दें कि स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव तातारपुर के कावड़ियों का एक जत्था शनिवार को दोपहर के समय जल लेकर हरिद्वार से मीरगंज आ रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर कुच्छा पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रही पिकअप ने एक कावड़िए अर्जुन को टक्कर मार दी जिससे अर्जुन बुरी तरह घायल हो गया। एम्बुलेंस ने घायल को मीरगंज सीएचसी में भर्ती कराया। इधर साथी कावड़िए के घायल होने की सूचना पर कावड़ियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। लगभग एक घंटे तक रोड जाम रहा। सूचना पर सीओ हर्ष मोदी, कोतवाल हरेंद्र सिंह, एसडीएम उदित पवार, तहसीलदार प्रज्ञा सिंह ने मुश्किल से कावड़ियो को समझाया और लगभग एक घंटे बाद जाम को खुलवाया जा सका। पुलिस ने पिकअप को अपने कब्जे में लें लिया और मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।