जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में कथित डॉक्टर की वजह से नवजात को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। फतेहगंज के मोहल्ला कुम्हारो वाला चौक के रहने वाले सूरज सैनी पुत्र प्रताप सिंह ने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया फतेहगंज पश्चिमी की कथित महिला डॉक्टर की लापरवाही के चलते उनके नवजात शिशु की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बीती पांच अगस्त को अपनी पत्नी राखी को दिखाने संजीवनी हॉस्पिटल ले गए थे। मौजूद महिला डॉक्टर ने सूरज को विश्वास दिलाया कि वह उनकी पत्नी की नॉर्मल डिलीवरी कर देगी। आरोप है कि महिला डॉक्टर ने जबरजस्ती बच्चे की डिलीवरी करने की कोशिश की और इस दौरान कई इंजेक्शन लगा दिए। जिसके कुछ समय बाद ही उनकी पत्नी की हालत बिगड़ने लगी तो उन्होंने कस्बे के ओम लाइफ अस्पताल में भर्ती कर दिया। जहां ऑपरेशन के बाद उनकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टर के अनुसार बच्चे की हालत बेहद नाजुक थी उसको बरेली के कर्मचारी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे शहर के एक अन्य निजी अस्पताल में भेज दिया गया। काफी उपचार के बाद नवजात ने दम तोड़ दिया। अन्य डॉक्टरों के अनुसार जबरदस्ती बच्चे की डिलीवरी करने के चलते उसकी हालत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उसकी दस अगस्त को इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रार्थी का आरोप है कि संजीवनी अस्पताल की महिला डॉक्टर की लापरवाही के कारण उसके नवजात शिशु की मौत हुई है। प्रार्थी मृतक नवजात शिशु को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने स्थानीय थाने पर पहुंचा लेकिन वहां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, पुलिस ने प्रार्थी को जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। लेकिन जांच के खेल में पुलिस ने कथित महिला डॉक्टर को क्लीन चिट दे दी। जिले ऐसे तमाम अवैध अस्पतालों का संचालन खुलेआम किया जा रहा है। जहां केवल झोलाछाप ही इलाज करते हैं। जिसके कारण तमाम बेगुनाहों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। एसएसपी को दिए शिकायती पत्र पर स्थानीय थाना पुलिस ने जांच कर पीड़ित के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस ने अपनी आख्या में बताया की पीड़ित कई अस्पतालों में अपनी पत्नी का इलाज कर रहा था। लेकिन पुलिस ने इस पूरे मामले में यह जानने की कोशिश नहीं की कि जिस संजीवनी हॉस्पिटल में पीड़ित अपनी पत्नी को इलाज के लिए लेकर गया था। उस अस्पताल का संचालन मानकों के तहत किया जा रहा है। जो महिला डॉक्टर उसकी पत्नी का इलाज कर रही थी उसके पास क्या डिग्री है।

0 Comments