फाइल फोटो 

जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में रविवार को बवाल के बाद तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी को हटा दिया गया। उसके बाद नवागत एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के कुछ ही देर बाद उन्होंने जोगी नवादा का दौरा किया और उन्होंने अफसरों से बातचीत की। इसके बाद बारादरी थाने में कांवड़ियों का रास्ता रोकने और अफसरों से धक्का-मुक्की और अभद्रता करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया हैं। फायरिंग करने वाले दो लोगों की पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस अब बवाल करने वालों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। 

पुलिस की ओर से एसआई वकार अहमद ने मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने ने बताया कि 30 जुलाई रविवार को दिन में दो बजे क्षेत्र में गश्त करते हुए जोगी नवादा पहुंचे। यहां से कुछ कांवड़िए कछला घाट जल लेने जा रहे थे। जोगी नवादा में मुस्लिम समुदाय की कुछ महिला व पुरुष कांवड़ियो का रास्ता रोककर बैठ गए। मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक के अफसरों ने काफी समझाया लेकिन वह नहीं माने। इस दौरान उपद्रवियों ने अधिकारियों व पुलिस बल के साथ धक्का मुक्की की। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सख्ती दिखाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके बाद कावंड़िए कछला घाट के लिए रवाना हो सके। बारादरी पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाला एक आरोपी चक महमूद का है और दूसरा बारादरी थाना क्षेत्र में ही किराए के कमरे में रहता है। उनकी गिरफ्तारी के प्रसास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही बवालियों की गिरफ्तारी की जाएगी।