जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

बरेली। आंवला पहुंचे मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने शनिवार को पांडवकालीन लीलौर झील के किनारे पौधरोपण करने के साथ गौरीशंकर मंदिर में पूजा-अर्चना की। तहसील क्षेत्र में वह कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अध्यात्म की दृष्टि से महत्वपूर्ण अहिच्छत्र का विकास पर्यटन केंद्र के रूप होने से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। मुख्य सचिव शुक्रवार को देर रात आंवला पहुंचे। इफको के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करने के बाद सुबह उन्होंने इफको प्लांट का निरीक्षण किया। यूनिट हेड राकेश पुरी ने बताया कि नैनो यूरिया और डीएपी का बड़ी मात्रा में उत्पादन शुरू किया गया है। उन्होंने नैनो यूरिया के उत्पादन की तकनीक तथा उसके प्रयोग की जानकारी दी। इफको टाउनशिप में बने स्वर्णजयंती उद्यान में पौधरोपण के बाद वह नगर पालिका पहुंचे। यहां उन्होंने पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। एसडीएम आवास, दिनेश तिवारी इंटर कॉलेज में भी पौधा लगाया। सुभाष इंटर कॉलेज में नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें ताजा कीं। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के आवास पर जलपान के बाद वह स्टेशन रोड पर एक बरातघर में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। मुख्य सचिव ने कहा कि आंवला से मेरी अनेकों यादें जुड़ी हैं, मैंने अपने प्राशनिक जीवन का प्रारंभ वर्ष 1986 में पहली पोस्टिग आंवला में डिप्टी कलेक्टर के कार्यभार से शुरू किया। इससे पहले उन्होंने आंवला का नाम तक नहीं सुना था। अपने 13 महीने के उस कार्यकाल को याद कर बताया कि उस समय जनसहयोग से पुस्तकालय, पालिका भवन का निर्माण व श्री सुभाष इंटर कॉलेज के जमीन पर बैठने वाले विधार्थियों के लिए फर्नीचर आदि की व्यवस्था संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि भारत सनातनी संस्कृति ऋषि मुनियों, महापुरूषों का देश ही बीच का कुछ कालखंड जरूर गुलामी का रहा, लेकिन अब पिछले नौ वर्षों से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व का नेतृत्व करने को तैयार है। कोविड महामारी के हम आत्मनिर्भर बनकर उभरे हमारी बनायी वैक्सीन की सप्लाई विदेशों में हुई। प्रधानमंत्री ने देश के आम जनमान को हनुमान की तरह उसका बल याद दिलाया है। कहा कि आजादी के सौवें साल में हम विकसित राष्ट्र बनकर उभरेगें। जब हमारा राष्ट्र विकसित होगा तो बरेली व आंवला भी विकसित शहर होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीकी टीम का हिस्सा बनकर सैंट्रल विस्टा, पीएम आवास योजना, भारत स्वच्छता मिशन जैसी योजनाओं को साकार करने का मुझे सौभाग्य मिला है। इस मौके पर मुख्य सचिव के साथ मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल भी मौजूद रहीं। 

तीर्थ स्थल बन सकता है यह क्षेत्र 

लीलौर झील के निरीक्षण के दौरान कहा कि यह महाभारतकालीन स्थल है यहीं पर महाराज युधिष्ठर से पांच यक्ष प्रश्न किए गए थे। इसमें पूरे जीवन का सार छिपा हुआ है। महाभारतकालीन राजा दुर्पद का किला, जैन मंदिर, गौरी शंकर गुलड़िया धाम को मिलाकर तीर्थ स्थल बन सकता है। इस बारे में अधिकारियों से रिपोर्ट बनाककर शासन को भेजने को कहा। पर्यटक स्थल बनने से यहां रोजगार के अवसर मिलेंगे। लोगों को पौराणिक इतिहास की जानकारी भी मिलेगी। 

मंत्री ने प्रोटोकॉल तोड़ किया स्वागत

नागरिक अभिनंद कार्यक्रम में मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रोटोकाल तोड़ते हुए मुख्य सचिव के आंवला के उस कार्यकाल को याद करते हुए शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। इसके अलावा सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, चेयरमैन आबिद अली, आलमपुर जाफराबाद, रामनगर, मझगवां ब्लाक प्रमुखों के अलावा उनके पूर्व कार्यकाल के साथियों ने उनका स्वागत किया।

बिसरिया झील का किया निरीक्षण 

मुख्य सचिव ने 18 एकड़ में बनी ककराखुर्द ग्राम पंचायत की बिसरिया झील के सुदंरीकरण की जमीनी हकीकत देखी। यहां मनरेगा और ग्राम निधि से 24 लाख रुपये की योजना बनाकर इसका सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। झील की जमीन से अवैध कब्जे हटाए जा चुके हैं। खोदाई हो गई है। प्रवासी पक्षी भी आने लगेंगे। यहां पौधरोपण भी किया।