जागेश्वर न्यूज नेटवर्क 

बरेली। सुन्नी बरेलवी मुसलमानों का मरकज दरगाह आला हजरत से जुड़े मदरसे में सूर्य नमस्कार और योगाभ्यास का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

दरगाह प्रमुख और दरगाह के सज्जादानशीन को लगातार फोन कर सवाल पूछने वाला मुंबई का शख्स मोहम्मद उवैद रजा चर्चाओं में है। दरगाह की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस तफ्तीश में जुट गई है। मंगलवार की देर रात को मुंबई से मो. उवैद रजा नाम शख्स ने दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां को फोन करके योगा दिवस को लेकर सवाल किए थे। दरगाह की ओर से क्या कार्रवाई हो रही है ये भी पूछा था। इस पर दरगाह प्रमुख नाराज हो गए, अपने आप को मुंबई का रहने वाला उबैद रजा बताने वाले शख्स ने दरगाह प्रमुख को ब्लड प्रेशर की गोली खाने के लिए कह दिया। मामला इतना बढ़ गया था कि देर रात को ही उलेमा और तमाम संगठन से जुड़े पदाधिकारी दरगाह प्रमुख के आवास पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि एक नहीं बल्कि चार नंबरों से मुंबई तो कभी दूसरी जगह से दरगाह पर फोन किया जा रहा है। कोतवाल हिमांशु निगम ने बताया कि दरगाह की ओर से इस प्रकरण में तहरीर दी गई। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

क्या था पूरा मामला

21 जून को विश्व योग दिवस पर दरगाह में आला हजरत स्थापित मदरसा मंजर-ए-इस्लाम में भी योगाभ्यास किया गया था। गुंबद-ए-आला हजरत के सामने योग करते छात्रों की तस्वीरे वायरल हुईं तो प्रतिक्रियाएं आने लगी थी। इसके बाद दरगाह परिवार में भी इस पर जबर्दस्त विवाद शुरू हो गया। पिछले दिनों मुंबई के ही एक शख्स जो अपना नाम मो. उवैद रजा बताता है उसने दरगाह के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां से योगाभ्यास को लेकर बात की थी। बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। कई दिनों से दरगाह प्रमुख के मोबाईल फोन पर कई नम्बर से कॉल आ रही थी। मंगलवार की रात को इस शख्स ने फिर से कॉल करके योगाभ्यास करने वालों पर क्या कार्रवाई हुई सवाल खड़े कर दिए। इस बात को लेकर दरगाह प्रमुख से कहासुनी हो गई। इसकी ऑडियो वायरल की गई।