जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा को लेकर बीते रविवार को बवाल हो चुका है। अब चक महमूद के कांवड़िया इसी इलाके से होकर कांवड़ निकालने पर अड़े हैं। जबकि दूसरे समुदाय के लोग इसे नई परंपरा बताकर विरोध कर रहे हैं। इससे रविवार को फिर तनाव की स्थिति बन गई है। स्थिति को देखते हुए मौके पर आरएएफ और पुलिस लगा दी गई है। दोनों पक्षों से वार्ता की जा रही है। सावन के चौथे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए चक महमूद के कांवड़ियों का जत्था कछला घाट जाने को है। ये कांवड़िये जोगी नवादा के एक रास्ते से कांवड़ यात्रा निकालना चाहते हैं। दूसरे समुदाय के लोग इसे नई परंपरा बताकर विरोध कर रहे हैं। इसके चलते सुबह से गहमागहमी बनी हुई है।
कांवड़ के जत्थेदार राकेश कुमार का कहना है कि वर्ष 2008 से वे लोग जत्था ले जा रहे हैं। इबादत स्थल के पास डीजे बंद कर लेते हैं, वो अब भी कर लेंगे। वहीं विरोध करने वाले लोगों में शामिल शराफत अल्वी का कहना है कि इस तरह का जत्था कभी सार्वजनिक रूप से नहीं निकाला गया है। लेकिन इस बीच दूसरे समुदाय की महिलाओं के साथ नौजवान और अन्य लोग भी सड़क पर उतर आए हैं। जिसकी सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी, एसएसपी, एडीएम सिटी, सीओ, बारादरी थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में फोर्स मौके पर मौजूद हैं।सहमति बनने पर ही जत्था आगे बढ़ाया जाएगा।
इसको लेकर दूसरे समुदाय के स्थानीय लोगों का कहना है कि मौर्य गली से कभी भी कावड़ यात्रा शाह नूरी मस्जिद से होकर नहीं गुजरी है। लेकिन इस बार यहां से निकालकर नई परंपरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार रात को कुछ पुलिसकर्मी आए थे। जो यह कहकर गए हैं कि रविवार को शाह नूरी मस्जिद रोड से मौर्य गली का कांवड़ जत्था गुजरेगा, जिसका सभी लोग मिलकर सहयोग करना। जिस पर दूसरे समुदाय के स्थानीय निवासियों ने कहा कि वह यहां से मौर्य गली के कावड़ जत्थे को हरगिज नहीं निकलने देंगे। क्योंकि कुछ साल पहले गोसाईं गौटिया से 10-10 कांवड़ियों की 300 मीटर की दूरी पर टोली निकले का दोनों समुदायों के बीच समझौता हुआ था। लेकिन अब जोर-जबर्दस्ती पूरे के पूरे काफिले और जत्थे निकाले जा रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि मौर्य गली के लोग इससे पहले के शाह नूरी मस्जिद से कांवड़ यात्रा निकाले जाने के वीडियो और परमिशन दिखाएं कि यहां से कभी उनका काफिला गुजरा हो, तो वह उनके जत्थे को निकलने देंगे।
बीते रविवार को भी हो चुका है विवाद
जोगी नवादा में बीते रविवार को कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल हो गया था। प्रारंभिक जांच में एक ओर से गुलाल फेंकने के बाद दूसरी ओर से पथराव की बात सामने आई। इस मामले में दो मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं और कई वीडियो व सीसीटीवी फुटेज से घटनाक्रम की विवेचना की जा रही है। आईजी रेंज के निर्देशन में बदायूं के एसएसपी इस मामले की जांच कर रहे हैं।


0 Comments