जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। नाथ नगरी श्रावण माह के तीसरे सोमवार को सुबह से ही शिवमयी हो गई। शहर के शिव मंदिरों में भोले के भक्तो का तांता सुबह से ही दिखाई दिया। वहीं सुबह से ही कांवड़ियों की भीड़ भी सड़कों पर नजर आई। शहर के अलखनाथ, मढ़ीनाथ, वनखंडी नाथ, धोपेशेवर नाथ, त्रिवटी नाथ समेत सभी मंदिरों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। शिवालयों में ॐ नमः शिवाय, जय शिव शंकर, भोले के जयकारों से माहौल शिवमय हो गया।
तीसरे सोमवार को शहर के कई मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया गया। लोग जल, फल आदि की सेवा करते हुए नजर आए। वहीं कांवड़ियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप भी लगाया गया। मंदिरों पर मेले जैसा माहौल देखा गया। दर्शन करने आने वाले भक्तों के साथ आए बच्चे दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए।
मंदिरों पर भारी पुलिस बल तैनात
रविवार को जोगी नवादा में हुए हंगामे के बाद शहर की पुलिस चौकस नजर आई। शहर भर के सभी मंदिरों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों पर भी पुलिस ड्यूटी करती हुई देखी गई। इस दौरान शिव भक्तों की भीड़ को संभालते हुए भी पुलिस को देखा गया।
श्रद्धालुओं को भेंट किए पौधे
शहर के सभी नाथ मंदिर में पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पौधे भेंट किए गए। ताकि लोग पौधरोपण कर प्रकति के पर्यावरण के संरक्षण में अपनी अहम भूमिका निभाते रहें। इस दौरान बाबा वनखंडी नाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए गए। वन राज्य मंत्री डॉ अरुण कुमार, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने जोगी नवादा में बाबा वनखंडी नाथ मंदिर पर पूजा करने आये श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किये।

0 Comments