बरेली। काली बाड़ी स्थित शिव मंदिर में रह रही एक महिला को निकालने को लेकर शनिवार रात दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर पथराव हुआ। इस दौरान पांच लोग घायल हो गए।
काली बाड़ी में रहने वाले अंशु राना ने बताया कि उनके घर से कुछ दूरी पर एक शिव मंदिर है। पड़ोस में रहने वाली चमेली राना, बेबी राना और रीता राना के पास रहने को जगह नहीं थी, जिसके चलते मोहल्ले के लोगों ने उन्हें मंदिर में रहने की जगह दे दी। अब तीनों महिलाओं के घर बन चुके हैं लेकिन वे मंदिर खाली नहीं कर रही हैं। शनिवार रात मोहल्ले के लोग मंदिर खाली कराने पहुंचे तो विवाद हो गया और फिर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। इससे अंशू राना, प्रशांत राना और ममता राना घायल हो गईं। वहीं, दूसरे पक्ष की बेबी राना का कहना है कि वह डेढ़ साल से मंदिर में रह रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका आवास स्वीकृत हुआ है लेकिन निर्माण पूरा नहीं हुआ है। दूसरे पक्ष के लोग जबरन वहां से भगाना चाहते हैं। बेबी ने बताया उनके पक्ष के सोनू राना और कल्लू घायल हुए हैं।

0 Comments