बरेली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को 10वीं और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। 

बरेली के जीआरएम स्कूल की छात्रा नंदिनी सक्सेना 12वीं में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनी हैं। उन्होंने इसका श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। नंदिनी की सफलता पर खुशी का माहौल है।

शहर के सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल की दिशा ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इन्होंने स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे नंबर प्रीयांश खरे ने 96.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। सृष्टि गुर्जर 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल में तीसरे स्थान पर हैं। स्कूल के आरुष जौहरी ने कंप्यूटर में और महक मेहरोत्रा ने इकोनॉमिक्स में 100 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।

बहेड़ी के गाडविन पब्लिक स्कूल के हार्दिक ने विज्ञान वर्ग में 95 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल टॉप किया है। जिले में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त 81 स्कूल हैं , जिनमें से 21 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाकर परीक्षा कराई गई थी। इन केंद्रों पर 14495 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इनमें 10वीं के 7628 और 12वीं के 6867 परीक्षार्थी हैं।

विद्यार्थियों के खिले चेहरे, एक दूसरे का मुंह किया मीठा

इस साल 12वीं क्लास में 87.33 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों की तुलना में 6% बेहतर रहा है। लड़कियों का पास प्रतिशत 90.68% रहा है जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 84.67% रहा है। रिजल्ट आने के बाद बच्चों के चेहरे खिल उठे। परीक्षा में पास हुए बच्चों ने खुशी का इजहार करते हुए बताया कि स्कूल के टीचर और उनके परिजनों की वजह से वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने बताया कि अगर कोई भी छात्र अपनी पढ़ाई को लेकर टाइमटेबल बनाता है और उसके हिसाब से पढ़ता है तो उसको बढ़िया नंबर लाने से कोई नहीं रोक सकता और कभी भी निराश नहीं होना चाहिए। इस दौरान छात्रावास के परिजनों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर सभी का मुंह मीठा किया।