बरेली। मरम्मत कार्य की वजह से लंबे समय से बंद किला पुल पर शुक्रवार से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। शुक्रवार सुबह को वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार ने हरी झंडी दिखाकर यातायात की शुरुआत की। गुरुवार देर शाम तक पीडब्ल्यूडी के अधिकारी तैयारियां को अंतिम रूप में देने में लगे रहे। शुक्रवार को किला पुल का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इसका उद्घाटन कर जनता के लिए समर्पित कर दिया गया है।
अब दिल्ली मार्ग से आने वाले वाहनों को यहां से गुजरने में काफी सहूलियत मिलेगी। इस बारे में वन मंत्री और शहर विधायक डॉ अरुण कुमार ने बताया कि किला पुल का निर्माण बहुत ही जिम्मेदारी से कराया गया है। किसी प्रकार की कोई कमी ना रहे, इसलिए कुछ विलंब जरूर हुआ है, लेकिन जनता को लंबे समय के लिए एक बड़ी राहत मिली है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद संतोष गंगवार ने बताया कि इस पुल के फिर से चालू होने से जनता को बहुत ही सहूलियत व राहत मिली है। अफसरों के मुताबिक, शहर के प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाला सबसे पुराना पुल है। झुमका तिराहे से यह पुलिस लाइन और शाहजहांपुर, लखनऊ रोड को जोड़ता है। सुबह से शाम तक करीब 30 हजार वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में पुल चालू होने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
तत्कालीन मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने एक नवंबर को किला पुल का निरीक्षण कर हालत दयनीय मिलने पर वाहनों के आवागमन को बंद करा दिया था। उन्होंने शासन स्तर पर पैरवी कर मरम्मत के लिए 4.88 करोड़ रुपये जारी कराया। बजट जारी होते ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को 100 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत अभियंताओं ने 31 मार्च तक काम पूरा करने का दावा किया। बीच में एक-दो दिन मौसम बिगड़ने से काम प्रभावित हुआ। ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते लगातार जाम की समस्या लोगों को झेलनी पड़ी। किला क्रासिंग पर जाम की वजह से हालात ज्यादा बदतर रहते थे। जिसके चलते यातायात को आईवीआरआई और दूसरे रास्तों की तरफ डायवर्ट किया गया था। फिर भी जाम से निजात नहीं मिल रही थी। एक किमी की दूरी तय करने में लोगों को एक घंटे तक समय लगता था। जबकि दूसरे रास्तों से 8 किमी की अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी।
किला ओवरब्रिज के मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। कुछ जगह व्यू कटर का काम बाकी है तो तेजी से पूरा कराया जा रहा है। लोगों की परेशानी और जरूरत को देखते हुए शुक्रवार से ओवरब्रिज शुरू हो गया है।
-अभिनेश कुमार, एसई, पीडब्ल्यूडी।

0 Comments