बरेली। जेल में बंद माफिया अशरफ अब बाहर निकलने से डर रहा है। शुक्रवार को एंटी करप्शन कोर्ट बरेली में उसकी पेशी होनी थी, लेकिन पेशी से पहले ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि जेल के अस्पताल में मेडिकल चेकअप में उसका बीपी कम मिला। दिल की धड़कनें बढ़ गईं। इस कारण उसे कोर्ट नहीं ले जाया गया। माफिया अतीक अहमद का भाई पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ करीब ढाई साल से बरेली केंद्रीय कारागार-2 में बंद है। प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड के तार उससे जुड़े मिले हैं। पुलिस ने अशरफ को इस हत्याकांड में साजिश रचने का आरोपी बनाया है। इसके अलावा अशरफ और उसके गुर्गों के खिलाफ सात मार्च को बिथरी चैनपुर थाने में कई धाराओं में केस दर्ज हुआ था। इसमें एसआईटी जांच कर रही है। बरेली की भ्रष्टाचार निवारण मामलों संबंधी कोर्ट में इसी केस के सिलसिले में अशरफ की शुक्रवार को पेशी होनी थी। सुबह करीब दस बजे अशरफ को जेल के अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए लाया गया। वहां जांच में उसका बीपी कम और धड़कनें बढ़ी मिलीं तो उसे कोर्ट नहीं ले जाया गया। सूत्रों का कहना है कि किसी अनजाने डर की वजह से ऐसा हुआ, हालांकि जेल के सूत्र अशरफ का रोजा होने की वजह से ऐसा होना बता रहे हैं।