बरेली। नाथ नगरी बरेली में देश के जाने-माने कवि और कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास की दो दिवसीय रामकथा रविवार शाम 6 बजे से शाहजहांपुर रोड स्थित इंटरनेशनल सिटी में प्रारंभ होगी। राधारानी सत्संग समिति की ओर से इस बात की जानकारी शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी गई। राधारानी सत्संग समिति के संरक्षक एवं निवर्तमान विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल ने बताया कि राधारानी सत्संग समिति हर साल रामकथा का आयोजन करती है। बीते साल की रामकथा देवचरा में आयोजित की गई थी। उससे पहले शहर के त्रिवटीनाथ मंदिर में भजन गायिका जयाकिशोरी ने रामकथा सुनाई थी। इस बार डॉ. कुमार विश्वास अपने-अपने राम प्रोग्राम के तहत मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की कथा का रसपान कराएंगे। उन्होंने बताया कि 12 और 13 मार्च को होने वाली दो दिवसीय रामकथा सुनने के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पशुपालन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के अलावा अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम भी कथा पांडाल में पहुचेंगे। इनके अलावा उत्तर प्रदेश और बरेली के अन्य गणमान्य नागरिकों को रामकथा के रसपान का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। निवर्तमान विधायक पप्पू भरतौल ने रामचरित मानस की चौपाइयों और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम पर हाल ही में उठे विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। किसी भी राजनीतिक दल या नेता का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरित मानस और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के बारे में किसी को भी अनर्गल बात नहीं कहनी चाहिए। जो भी लोग उनको राजनीतिक वजहों से भगवान श्रीराम और रामचरित मानस को विवाद में घसीट रहे हैं, वह गलत है। राधारानी सत्संग समिति अध्यक्ष रामसेवक भारद्वाज ने शहरवासियों से अपील की कि दो दिवसीय रामकथा का श्रवण करने के लिए श्रद्धालुओं को पास जारी किए गए हैं। उससे ही कथा पांडाल में एंट्री मिलेगी। रामकथा प्रतिदिन शाम 6 बजे से प्रारंभ होकर प्रभु इच्छा तक चलेगी। प्रेस कांफ्रेंस में राधारानी सत्संग समिति से पंकज अग्रवाल, अश्विनी अग्रवाल, प्रवीण गोयल, कैलाश मित्तल, अवधेश अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल, रामदयाल, सत्य प्रकाश, महेश अग्रवाल, संजीव उपाध्याय, अतुल भारद्वाज और अंशू आदि शामिल थे।