बरेली। होली के उल्लास के बीच धूमधाम से ऐतिहासिक श्रीराम बरात निकाली गई। सोमवार रात को बमनपुरी की रामलीला में राम सीता स्वयंवर के मंचन के बाद मंगलवार को भगवान श्रीराम बरात लेकर निकले तो पूरा शहर बराती बन चल पड़ा। राम बरात में रंगों की ऐसी बारिश हुई, जिसमें हर कोई सरोबार हो गया। गलियां जय श्रीराम, जय सिया राम के जयकारों से गुंजायमान हो गईं। राम बरात में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। युवा होली की मस्ती में सरोबार होकर नाचते हुए चल रहे थे। राम बरात के साथ चाहबाई से नृसिंह भगवान शोभायात्रा भी निकाली गई। बता दें कि बरेली में फागुन पूर्णिमा को निकलने वाली ऐतिहासिक राम बारात ब्रिटिश काल से निकाली जा रही है। यहां होली के अवसर पर रामलीला का आयोजन होता है। यह अनूठी परंपरा 163 वर्ष पुरानी है। इसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर घोषित किया है।  

होली के अवसर पर 163वी होली राम बारात निकाली गई। जिसमें हजारों की संख्या में रामबाराती शामिल हुए। बरेली की होली इसलिये भी खास होती है क्योंकि यहाँ लोगो को होली के अवसर पर रामबारात का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस राम बारात में हजारों हुरियारे एक दूसरे के ऊपर रंगों की बौछार करते है। शहर के विभिन्न मोहल्लों से गुजरने वाली इस राम बारात में हुरियारों की तमाम टोलियां शामिल मौजूद रहती है, जो लोगों पर रंग और गुलाल की बारिश करते हुए आगे बढ़ती है। बरेली ही एक मात्र ऐसा शहर है, जहां पर होली के अवसर पर रामलीला का आयोजन किया जाता है। इस रामलीला में होली के एक दिन पहले राम बारात निकाली जाती है। इस अवसर पर रामबारात का स्वागत विभिन्न संगठनों के द्वारा किया गया। राम बारात मलूकपुर चौराहे से शुरू होकर बिहारीपुर ढाल, कुतुबखाना घन्टाघर, नावेल्टी चौराहा, रोडवेज, बरेली कॉलेज, कालीबाड़ी, श्यामगंज, सिकलापुर, मठ की चौकी, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, साहूकारा, किला, होती हुई बमनपुरी के नरसिंह मंदिर पर समाप्त होती है। 

शहर में राम बरात को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस ने 29241 लोगों को मुचलका पाबंद किया है। जुलूस और शोभायात्रा के दौरान शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है। 

शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए शहर में ही 53 इंस्पेक्टर, 275 दरोगा, 1257 हेड कांस्टेबल, 375 महिला कांस्टेबल, 73 यातायात पुलिसकर्मी, 462 होमगार्ड, चार कंपनी पीएसी व सीपीएमएफ तथा 111 क्यूआरटी टीमें की ड्यूटी लगाई गई है।