मृतक का फाइल फोटो 

बरेली। हाफिजगंज क्षेत्र में ससुराल से होली खेलकर लौट रहे पूर्व प्रधान के इंजीनियर पुत्र की बुलेट बाइक सामने से आ रहे साइकिल सवार से टकरा गई। इसके बाद बाइक पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बरेली भेज दिया, जहां बाइक सवार की मौत हो गई। घायल साइकिल सवार का उपचार कराया जा रहा है। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव मुबारकपुर निवासी पूर्व प्रधान अंगन लाल का पुत्र विजेंद्र (उम्र 32 वर्ष) बुधवार को अपनी ससुराल नवाबगंज में होली खेलने गया था। होली खेलकर वहां से वापस आ रहा था। सुंदरी गऊघाट के पास विजेंद्र की बाइक सामने से आ रही साइकिल से टकरा गई, जिसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में विजेंद्र और साइकिल सवार सकुटिया गांव निवासी रामकिशोर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बरेली भेज दिया, जहां विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के पिता पूर्व प्रधान अंगन लाल ने बताया कि उनका पुत्र पुणे की एक टेलीकॉम कंपनी में इंजीनियर था। वह वर्क फ्रॉम होम कर रहा था। उसकी शादी डेढ़ माह पूर्व हुई थी। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी अर्चना गंगवार रो-रोकर बेसुध हो गई। 

भुता में बाइक सवार पर गिरा पेड़

बरेली-बीसलपुर मार्ग पर भुता के पास कुंवर बैंकट हॉल के सामने ग्राम प्रधान भुता और गांववालों के साथ मंगलवार रात करीब 12:00 बजे पेड़ कटवा रहे थे। अचानक कटा पेड़ सड़क से गुजर रहे बाइक सवारों पर गिर गया, जिससे गांव नवदिया निवासी पपेंद्र उर्फ पंकज (30 वर्ष) की मौत हो गई। उसका भाई सिद्धार्थ घायल हो गया। दोनों भाई बरेली मॉल से ड्यूटी करके अपने घर जा रहे थे। 

मृतक के परिजनों ने ग्राम प्रधान भुता की लापरवाही के कारण हत्या का आरोप लगाते हुए भुता में होली के समीप शव को रखकर जाम लगा दिया। थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा के समझाने पर मुकदमा पंजीकृत किए जाने के आश्वासन के बाद जाम खुला। परिजनों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ तहरीर दी है।