बरेली। फरीदपुर क्षेत्र में भट्टे पर ईंट निकासी करने जा रहे पिता-पुत्र को बाइक फिसलने के बाद पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया है। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पचौमी गांव के पास हुआ। मोहल्ला फर्रखपुर तकिया निवासी रहमत (55) अपने बेटे नाजिर (22) के साथ फतेहगंज पूर्वी के गांव टिसुआ में ईंट भट्टे पर ईंट निकासी का काम करते थे। शनिवार सुबह चार बजे वह बेटे के साथ बाइक पर बैठ काम पर जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पचौमी के पास बारिश के बाद हुई फिसलन की वजह से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की सूचना पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। रहमत के परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां थी। बेटियों की अभी तक शादी नहीं हुई है। तीन साल पहले एक बेटे की करंट लगने से मौत हो गई थी। दूसरे बेटे नाजिर की भी हादसे में मौत के बाद अब 15 वर्षीय नासिर के ऊपर परिवार की जिम्मेदारी आ गई।