बरेली। गोकशों ने गोवंशीय पशुओं का वध कर उनके अवशेषों को गांव के ही गन्ने के खेत में फेंक दिया। लोगों ने इसकी जानकारी गौ रक्षकों और पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के मुताबिक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहेड़ी में एक बार फिर गोकशी का मामला सामने आया है। इस बार पशु तस्करों ने अखा गांव में गन्ने के खेत में गोवंशीय पशु का वध करके उनके अवशेष वहीं छोड़ दिए और भाग निकले। स्थानीय लोगों के मुताबिक गोकश लगातार गौवंशीय पशुओं का वध कर रहे हैं। गांव वालों की सूचना पर पहुंचे हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों ने इस पर नाराजगी जताई। किसी ने खेत में पड़े अवशेषों का वीडियो बनाकर सीएम से लेकर पुलिस के आला अफसरों को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग कर दी। तब बहेड़ी पुलिस को जाँच कर कार्रवाई के निर्देश मिले इसके बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया और गोकशी करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। गन्ने के खेत में पड़े अवशेषों की वीडियो बनाकर हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों ने सीएम से लेकर डीजीपी को टैग कर शिकायत कर दी। प्रखर नामक ट्विटर यूजर ने लिखा है कि पुलिस की लापरवाही या मिलीभगत से गोकशी हो रही है। गौसेवा नामक ट्विटर यूजर ने लिखा है कि गांव अखा में आए दिन गोकशी हो रही है पुलिस को इसे रोकना चाहिए। राष्ट्रीय योगी सेना गौ रक्षा प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक देवेंद्र भास्कर ने बताया कि पूरी घटना की पुलिस को तहरीर दी है और गोकशो पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर ट्विटर पर भी बहेड़ी पुलिस की काफी फ़जीहत हुई है। फिलहाल पुलिस ने गोकशो की तलाश शुरू कर दी है।