बरेली। माफिया अतीक अहमद के भाई पूर्व विधायक अशरफ को बरेली जिला जेल में मिल रहे वीआईपी ट्रीटमेंट के मामले में जेल के अफसरों पर शिकंजा कस गया है। प्रभारी डीआईजी जेल आरएन पांडेय ने शुक्रवार को जिला जेल जाकर मामले की विभागीय जांच की। वहीं बिथरी थाना पुलिस ने अशरफ के गुर्गे पुराना शहर निवासी फुरकान और मीरगंज निवासी राशिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों ने जेल में जाकर अशरफ से कई बार मुलाकात की थी। पहले जेल भेजे जा चुके जेल के आरक्षी शिवहरि अवस्थी के मोबाइल में इनकी कॉल डिटेल मिली थी। गुरुवार को इन्हें हिरासत में लिया गया था और शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण के बाद जेल भेज दिया गया। माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले सद्दाम के खुशबू एनक्लेव स्थित ठिकाने पर पहुंची एसआईटी, छानबीन कर स्थानीय लोगों से की गई पूछताछ।
उमेश पाल की हत्या से पहले इंस्टाग्राम पर डाले गए थे अशरफ के वीडियो
माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ उर्फ खालिद अजीम के ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जो उसके किसी गुर्गे ने उमेश पाल हत्याकांड से ठीक पहले इंस्टाग्राम पर अपलोड किए हैं। माना जा रहा है कि अपराधियों ने अपने इरादों का संकेत पहले ही दे दिया था, जिसे कोई भांप नहीं सका। इंस्टाग्राम पर अतीक अहमद एमएलए नाम से एक अकाउंट बना है। इस पर 19 फरवरी को एक वीडियो अपलोड किया गया है। वीडियो में अशरफ जेल वैन से उतरता दिख रहा है। वीडियो में डॉयलाग एडिट किया गया है कि सुल्तान मिर्जा का नाम ही काफी है, सामने वाले की जमानत जब्त हो जाती है। वहीं उमेश पाल हत्याकांड के पहले 20 फरवरी को अशरफ का दूसरा वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें वह पुलिस वालों के बीच खड़ा होकर पान खा रहा है। वीडियो में डायलाग एडिट किया गया है कि घर जाइए लल्लन जी, लगता है तूफान आने वाला है।
24 फरवरी को भी अपलोड किया गया वीडियो
अशरफ का एक वीडियो उमेशपाल हत्याकांड वाले दिन 24 फरवरी को भी अपलोड किया गया है, जिसमें अशरफ और अतीक दोनों के फोटो के साथ डॉयलाग एडिट किया गया है कि आप शायद यह बात भूल रहे हैं मंत्री जी, हर शब्द के आखिर में फुल स्टॉप होता है और वो फुल स्टॉप हम हैं। उमेशपाल हत्याकांड के बाद 26 फरवरी को भी एक वीडियो इंस्टाग्राम के इसी अकाउंट पर अपलोड किया है, जिसमें डॉयलाग है कि जो कैद में थे सारे परिंदे, पर भी हैं यह भूल गए थे। जो झुकते थे उन कांधों के सर भी हैं, भूल गए थे। दरअसल इंस्टाग्राम के जिस अकाउंट पर यह सारे वीडियो अपलोड किए गए हैं, उस आईडी से मुख्तार अंसारी, अब्बास अंसारी, असद अतीक, एहजम अतीक, खालिद अजीम उर्फ अशरफ जुडे़ हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आईडी को अशरफ य अतीक का कोई करीबी गुर्गा हैंडल कर रहा है। इन वीडियो में अशरफ के साथ कई पुलिसवाले और सादा कपड़ों में कुछ लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो में अशरफ के साथ कौन हैं, इसकी तस्दीक एजेंसियां कर रही हैं।

0 Comments