जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

भड़काऊ भाषण देने के मामले में दर्ज हो सकती है मौलाना तौकीर पर रिपोर्ट

बरेली। शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा खां के प्रदर्शन के बाद इस्लामिया मैदान से निकली भीड़ ने श्यामगंज बाजार में उपद्रव किया। इस दौरान दुकानदारों, राहगीरों से मारपीट की गई। दहशत के चलते बाजार बंद हो गया। घटना के बाद व्यापारियों ने डीएम व एसएसपी को फोन कर जानकारी दी। बताया जाता है कि अफसरों से मिलकर तौकीर रजा के खिलाफ ज्ञापन देने का समय मांगा तो अफसरों ने फोन पर ही ज्ञापन देने के लिए कहा तो व्यापारियों ने ज्ञापन भेजकर तौकीर रजा पर रासुका लगाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि तौकीर रजा के भड़काऊ भाषण के कारण ही भीड़ ने यह उपद्रव की। इससे व्यापारियों का नुकसान हुआ है। 

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि तौकीर रजा के भड़काऊ भाषण से श्यामगंज समेत शहर के सभी बाजारों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों से मारपीट की गई। व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों को सुरक्षा का देने के लिए शासन-प्रशासन को मौलाना तौकीर पर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि शहर में अमन चैन कायम हो सके। राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है। अक्सर इनकी ओर से इस तरह के आंदोलन होते हैं और दुकानें बंद हो जाती हैं। व्यापारियों ने वर्ष 2010 के बारावफात का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी वजह से ही उस समय हिंसा भड़की थी और कोहाड़ापीर व शाहदाना बाजार में आग लगाई गई थी। उस समय भी व्यापारियों को बड़ा नुकसान हुआ था। शुक्रवार को भी इसी तरह घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई थी। जिसके कारण व्यापारी दहशत में हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मौलना पर कार्रवाई कर प्रशासन सख्त संदेश दे, ताकि व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस करें। व्यापारियों ने कहा कि मौलाना के खिलाफ देशद्रोह के तहत भी कार्रवाई होनी चाहिए।

अधिवक्ता परिषद ने मौलाना को गिरफ्तार करने की मांग

अधिवक्ता परिषद ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि तौकीर रजा की ओर से देश में अशांति फैलाने व वैमनस्यता का वातावरण बनाने के लिए लगातार बयानबाजी की जा रही है। इसकी जांच कर तौकीर रजा खां की जमानत निरस्त कराकर उनको गिरफ्तार किया जाए। ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में अनुजकांत, विनोद बाबू कन्नौजिया, सरनाम सिंह आदि शामिल रहे। 

भड़काऊ बयान पर दर्ज हो सकती है रिपोर्ट 

मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार को जो बयान दिया, सोशल मीडिया पर उसे भड़काऊ बताकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने व गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। अधिकारी बयान के वीडियो का परीक्षण करा रहे हैं। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हो सकती है। साथ ही उन 25 से 30 लोगों को भी नामजद किया जा सकता है, जिन्हें सीआरपीसी की धारा 149 के तहत नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जिन लोगों को नोटिस दिया गया था, उनमें आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर, नदीम खां, डॉ. नफीस खान, अफजाल बेग, मुनीर इदरीसी, रईस कुरैशी, जाहिद उर्फ डोबी, सलीम खां, कामरान, रुखसार, मौलाना अहसानुल हक, हाफिज शराफत, फरहान, मोहम्मद रिजवान अंसारी, साजिद सकलैनी, फरहत खां, मोहम्मद मुस्तफा नूरी, सैय्यद रेहान अली, अनीस सकलैनी, मोहसिन उर्फ बब्बू, आजम तहसीनी, नदीम कुरैशी, राशिद खां, मिर्जा मस्सम बेग, अनवर रजा खां के नाम शामिल हैं।