जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। नवाबगंज इलाके में गुरुवार रात गश्त कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनसे तीन तमंचे और छह कारतूस बरामद हुए हैं। घायल बदमाशों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य बदमाशों को जेल भेज दिया गया। गुरुवार रात कोतवाल श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ बिथरी रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच सामने से एक गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया। गाड़ी रुकते ही उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पैरों में गोली लगने दो बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ में सिपाही अनुज समोनिया के हाथ में गोली लगी, जिससे वह भी घायल हो गए। 

पुलिस ने घेराबंदी कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। घायल सिपाही अनुज सिमोनिया को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस की जांच में पता चला है कि पकड़े गए बदमाश पशु चोर हैं। इन बदमाशों ने 19 दिसंबर की रात गांव हरदुआ गौटियां में किसान वीरेंद्र पाल की हत्या कर दी थी। पूछताछ में बदमाशों ने हत्या की बात कबूली है। आरोपी कमरूदीन ने बताया कि वह किसान की हत्या नहीं करना चाहता था, लेकिन उस रात किसान लाठी लेकर उनके सामने आ गया। किसान को डराने के लिए उसने फायर किया। जब वह नहीं हटा तो गोली सामने की ओर चला दी। सीने में गोली लगने से किसान की मौत हो गई थी। वारदात के बाद सभी बदमाश वहां से फरार हो गए थे।पुलिस ने मोहम्मद उमर उर्फ नेता निवासी अमरौली गांव थाना दातागंज, कमरूदीन उर्फ नन्हे निवासी गांव दियूनी थाना दातागंज, सूरजपाल निवासी धर्मपुर थाना हाफिजगंज,अफसर अली निवासी गोपालपुर थाना हाफिजगंज, प्रेमपाल निवासी झिझनी मजरा मिलक थाना भमौरा को गिरफ्तार किया है।