कमरे में सो रहा था परिवार, बाहर से लगा था ताला
जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। फरीदपुर कस्बे में दिल दहलाने देने वाली घटना हुई है। कस्बा में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जलने वालों में दंपती और उनके तीन मासूम बच्चे हैं। पांच लोग एक कमरे में सो रहे थे। रविवार तड़के घटना की जानकारी होने पर फोर्स के साथ पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कमरे में बाहर से ताला लगा मिला। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि अजय गुप्ता उर्फ टिंकल (36), अनीता गुप्ता पत्नी अजय गुप्ता (34), बेटा दिव्यांश (9), दिव्यंका (6), दक्ष (3) कमरे में सो रहे थे। पांचो की जिंदा जलकर मौत हो गई। कमरे में बाहर से ताला लगा मिला है। जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अजय गुप्ता उर्फ टिंकल हलवाई थे। वह अपने परिवार के साथ तीन वर्ष से फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर में रिश्तेदार के मकान में किराये पर रहते थे। शनिवार रात सभी लोग एक ही कमरे में सोए थे। तड़के पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलता देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था और ताला लगा हुआ था।
पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। अंदर पांच शव जली अवस्था में पड़े थे। कमरे में रखा सारा सामान जल गया था। मंजर इतना भयावह था कि लोगों की रूह कांप गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन व रिश्तेदार पहुंच गए। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
दर्दनाक घटना की जानकारी पर एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों से जानकारी की। एसडीएम, तहसीलदार के साथ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. नितिन कुमार गंगवार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। कमरे में गैस सिलिंडर रखा मिला है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0 Comments