जांच में हुई सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की पुष्टि, लगेगी गैंगस्टर

जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित फाइक एन्क्लेव में भूमाफिया ने अर्बन सीलिंग की जमीन पर अवैध निर्माण कर लिया। सीडीओ की अध्यक्षता वाली टीम की जांच में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों की पुष्टि हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने भूमाफिया और उसके गुर्गों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश डीएम को दिए हैं।

आपको बता दे की फहम लॉन के मालिक मोहम्मद आरिफ ने फाइक एन्क्लेव कालोनी को विकसित किया है। फाइक एन्क्लेव पर अवैध कब्जा कर निर्माण करने की शिकायत आरबी मौर्य ने कमिश्नर सौम्या अग्रवाल से की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पीलीभीत बाईपास रोड पर ग्राम जगतपुर लाला बेगम, नवादा शेखान, हरुनगला में चकरोड, तालाबों पर अवैध कब्जा कर प्लाट मकान का निर्माण किया है।

कमिश्नर ने पिछले महीने सीडीओ जग प्रवेश की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराई थी। पांच दिन तक लगातार टीम ने पैमाइश की। सीलिंग की जमीन का मौके पर मिलान किया। कालोनी के आसपास की जमीन की पैमाइश की। जांच के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट कमिश्नर को सौंप दी थी। करीब दो सप्ताह से जांच रिपोर्ट को लेकर मंथन चल रहा था। कॉलोनाइजर ने अर्बन सीलिंग की ऐसी जमीन पर अवैध कब्जा कर बेच दिया जो कोर्ट में विचाराधीन है। फाइक एन्क्लेव वाली अर्बन सीलिंग की जमीन की गाटा संख्या के साथ सूची कमिश्नर को सौंपी गई थी। फाइक एन्क्लेव में जगतपुर लाला बेगम, नवादा शेखान और हरूनगला का रकबा है। जगतपुर, लाला बेगम में सीलिंग की जमीन गाटा संख्या 350, 351, 367 और नवादा शेखान में सीलिंग की जमीन की गाटा संख्या 134, 438 पर अवैध कब्जा मिला है। इसके अलावा तालाब और चकरोड पर अवैध निर्माण मिले हैं। सरकारी जमीन पर कब्जा कर बेचने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी। कमिश्नर ने डीएम रविंद्र कुमार को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भूमाफिया और उसके गैंग में शामिल लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर के सख्त रुख के बाद भूमाफिया दहशत में है। भूमाफिया के कई दूसरे प्रोजेक्ट में भी सरकारी जमीन बताई जा रही है।

इन गाटा संख्या पर मिला अवैध कब्जा

ग्राम जगतपुर, लाला बेगम बाहर चुंगी के गाटा सं0 350 मि0 र0 0.4440 हे0, 351 मि0 र0 0.0470 हे0, 367 मि0 र0 0.7960 हे0 तथा ग्राम नवादा शेखान, बाहर चुंगी स्थित गाटा सं0 134 मि0 र0 0.2010 हे0, 438 मि0 र0 0.1260 हे0 नगर सीलिंग में दर्ज हैं। 

करोड़ों रूपए की सीलिंग की जमीन पर बना कर बेचे मकान

भूमाफिया ने फाइक एन्क्लेव में सीलिंग की जमीन पर करोड़ों रुपए के मकान बनाकर बेच दिए। सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया। सरकारी जमीन बेचकर भूमाफिया ने मोटी कमाई की है। इधर, प्रशासन सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की रणनीति बना रहा है। सरकारी जमीन पर बने निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। फाइक एन्क्लेव के कॉलोनाइजर मो.आरिफ ने प्रशासन को गुमराह करने की कोशिश की। जांच के दौरान फर्जी दस्तावेज भी दिखाए।जिससे की जांच कमेटी उसके झांसे में आ जाए।