जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में देवरनियां नदी के किनारे शुक्रवार देर रात पुलिस ने छापा मारकर करणी सेना के महानगर अध्यक्ष गौरक्षा सहित तीन गोकाशो को पकड़ा है। नदी किनारे पशु कटान कर रहे लोगों ने पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन गोकशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो चौंकाने वाली बात सामने आई है।
थाना भोजीपुरा पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात पुलिस टीम नदी किनारे पहुंची तो पशु काट रहे लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करके तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें सीबीगंज निवासी मोहम्मद सईद खां, इज्जत नगर इलाके के अकरम और करणी सेना के महानगर अध्यक्ष गौरक्षा देवेंद्र शामिल है। आरोपियों ने बताया कि करणी सेना के जिलाध्यक्ष राहुल सिंह के इशारे पर वह लोग गोवंशीय पशुओं का कटान करते थे। चांद उर्फ अजय निवासी तिलियापुर सीबीगंज पशुओं को कटान के बाद मांस भरकर ले जाता था। पुलिस ने राहुल सिंह समेत पांचों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाकी दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान इस पूरे मामले में एक बड़ा गैंग का भी खुलासा हो सकता है।
वहीं सूत्रों की माने तो करणी सेवा के जिला अध्यक्ष राहुल सिंह के इशारे पर यह लोग गोवंशीय पशुओं का वध कर कुछ लोगों के खेतों में भी फेंका करते थे। ताकि उनको डरा धमका कर ब्लैकमेल कर उनसे अवैध वसूली कर सकें।
राहुल सिंह को संगठन से किया निष्कासित
गोकशी करने व हिंदू विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण शनिवार को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र सिंह राणा ने बरेली के जिला अध्यक्ष राहुल सिंह को संगठन से निष्कासित कर दिया है। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद जानकारी मिली कि राहुल सिंह बरेली में गोकसी जैसे अपराध को संरक्षण देते थे और हिंदू विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे। जिसके चलते उन्हें संगठन से निष्कासित कर दिया गया है।

0 Comments