जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। माफिया अशरफ के साले सद्दाम को बदायूं व अतीक बेटे असद के दोस्त आतिन जफर को रामपुर जेल में शिफ्ट किया गया है। अशरफ से अवैध मुलाकात के मामले में दोनों को गिरफ्तार किया गया था। जेल में पहुंचने के बाद से ही दोनों जेल प्रशासन के सिर का दर्द बने हुए थे। बीते कई दिनों से दोनों को अलग-अलग जेल में शिफ्ट करने की चर्चा चल रही थी। वहीं मंगलवार को जेल प्रशासन ने अपना सर दर्द खत्म करते हुए दोनों को अलग-अलग जेल में शिफ्ट कर दिया है। हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण दोनों हाई सिक्योरिटी बैरक में थे।बरेली सेंट्रल जेल टू में बंद सद्दाम का नया ठिकाना अब बदायूं जिला जेल होगी। हाई सिक्योरिटी बैरक में सद्दाम परेशान था। उसने मानवाधिकार का हवाला देकर बैरक बदलने की गुहार लगाई थी। वह बार बार सामान्य बैरक में दूसरे बंदियों के साथ रखने की जिद कर रहा था। मंगलवार को उसे बरेली जेल से शिफ्ट कर दिया गया। बरेली जेल में सद्दाम के गुर्गे लल्ला गद्दी और फरहाद समेत कई और लोग बंद हैं। पहले सद्दाम और अशरफ की खातिरदारी कर चुके जेलकर्मी भी यहां तैनात हैं। सूत्रों के मुताबिक यहां फिर से गिरोह पनपने की आशंका थी। ऐसे में जेल अधिकारियों और प्रशासन ने शासन को गोपनीय रिपोर्ट भेजी थी। इसी पर ये निर्णय लिया गया कि सद्दाम और आतिन को अलग अलग जेलों में शिफ्ट कर दिया जाए। दोनों को सेंट्रल जेल टू से रवाना कर दिया गया है।