धार्मिक आयोजन मे महिला डांसरो के ठुमके लगाने की सूचना पर पहुंची थे दारोगा 

जागेश्वर न्यूज नेटवर्क

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मेमोर गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में कथा चल रहा थी। इस कार्यक्रम में महिला डांसरों को बुलाया गया। मंच पर ठुमके लगवाए गए। गुरुवार रात महिलाओं के फूहड़ डांस का एक वीडियो वायरल हुआ तो जानकारी पुलिस तक पहुंची। तब चौकी प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 


चौकी प्रभारी ने मंच पर खड़े होकर बिना अनुमति के इस तरह का कार्यक्रम कराने को लेकर आयोजकों को जमकर फटकार लगाई और डांस पार्टी बंद करवा दी। बाद में खुराफातियों ने चौकी प्रभारी का वीडियो यह बताकर वायरल कर दिया कि वह अभद्र भाषा में बात और गालीगलौज कर रहे है। वीडियो में दरोगा कहते हैं दो मिनट में भीड़ नहीं उठी तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। परमीशन कोई नहीं है। अगर कोई बात बड़ी या घटी तो इतिहास लिख दूंगा। वह डांस कार्यक्रम तुरंत बंद करने के लिए कहते हैं। इस पर आयोजक कुछ कहता है। बाद में गाली गलौज की आवाज सुनाई देती है।

ग्रामीणों का कहना है कि दारोगा संजय सिंह ने मेला आयोजकों से अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो वो नहीं दिखा सके जिसके बाद पुलिस ने डांस बंद करवा दिया। आरोप है कि डांस बंद कराने के बाद दारोगा मंच पर चढ़ गए और माइक से गालियां देने लगे। ग्रामीणों ने दारोगा पर शराब के नशे में होने का आरोप भी लगाया है। इस दौरान किसी ग्रामीण ने दारोगा का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

वहीं, दारोगा संजय सिंह का कहना है कि वह डांसरों के अश्लील नृत्य की शिकायत पर गए थे। आयोजक मेले की अनुमति नहीं दिखा सके। उन्होंने आयोजकों को कार्रवाई की चेतावनी देकर डांट फटकार लगा दी थी। 

प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि महिला डांसरो के अश्लील नृत्य पर पाबंदी है। मेमौर के मेले में अश्लील नृत्य की सूचना पर दारोगा संजय सिंह मौके पर गए थे।

"अश्लील नृत्य की सूचना पर पुलिस टीम मेले में पहुंची थी। दारोगा संजय सिंह ने नृत्य बंद करा दिया था। शराब के नशे में उनके द्वारा गाली देने की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।"

-राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात।