जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को हुई मासिक बैठक में जमकर हंगामा हुआ। गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई। पूर्व विधायक सुल्तान बेग ने लाखों की वसूली कर टिकट देने का खुला आरोप लगाया तो एकाएक माहौल गरमा गया। इसके बाद पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप आपस में भिड़ गए।
तू-तू मैं-मैं के बीच हाथापाई तक नौबत पहुंच गई। पदाधिकारियों ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाते हुए दोनों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन जोरदार हंगामा चलता रहा। तमाम कार्यकर्ताओं ने अपने मोबाइल पर इस घटनाक्रम की वीडियो बनाकर शेयर करने शुरू कर दिए जो बाद में वायरल हो गए। पूर्व विधायक ने शेरगढ़ में भी 35 लाख लेकर टिकट देने की बात कही।
यह भी कहा कि फतेहगंज पश्चिमी में इमराना को टिकट देने की सिफारिश की थी। वह तीन हजार वोटों से जीतीं प्रत्याशी थीं लेकिन जिलाध्यक्ष ने उन्हें टिकट नहीं दिया। आरोप लगाते हुए कहा कि पैसे लेकर ऐसे व्यक्ति को जिताऊ बताकर टिकट दिलाया जिसे मात्र 270 वोट मिले। पूर्व विधायक सुल्तान बेग बोल रहे थे तो बीच में ही सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने विरोध कर दिया कि यह आप गलत बोल रहे हैं। इसी बात पर दोनों आपस में भिड़ गए। कुछ ही देर में दोनों धड़ों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। एक महीने पहले ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिले के पूर्व सांसद, विधायक, मेयर, पदाधिकारियों की एक संवाद बैठक बुलाई थी। लोकसभा में जीत का संकल्प दिलाया था और गुटबाजी छोड़कर आगे बढ़ने को कहा था। मगर शिवचरन कश्यप के जिलाध्यक्ष बनने के बाद हुई पहली बैठक ही हंगामेदार रही। इसका कोई नतीजा नहीं निकल सका। दरअसल, बैठक में पूर्व विधायक सुल्तान बेग ने बोलना शुरू किया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में हमारा प्रदर्शन ठीक नहीं रहा। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है। मेरे कहने पर जिलाध्यक्ष ने शाही और शेरगढ़ का टिकट नहीं दिया। इसी दौरान कुछ आरोप भी जिलाध्यक्ष पर लगे। इसी बीच जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप खड़े हो गए और कहा, आप बैठ जाइए और अब कुछ मत बोलिए। दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हुई तो दोनों धड़ों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इसके बाद कुछ नेताओं ने बीचबचाव कराकर मामला शांत कराया। शुरू में सपा के नेता इससे इंकार कर दिया मगर बाद में नोकझोंक का वीडियो वायरल हो गया। सपा में पहले भी गुटबाजी के कई मामले सामने आ चुके हैं।
पूर्व विधायक सुल्तान बेग ने कहा कि मैंने सिर्फ यह कहा कि निकाय चुनाव में हमारी पार्टी का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है। हमें अधिक मेहनत के साथ सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना होगा। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कहा कि मुझे तो लग रहा है कि पूर्व विधायक बोल कुछ रहे थे और उनके मुंह से निकल कुछ रहा था। उन्होंने कहा कि उनके कहने पर शीशगढ़, मीरगंज के टिकट दे दिए गए मगर शाही और शेरगढ़ का टिकट नहीं दिया गया। इस पर उन्हें बताया गया कि सभी टिकट लखनऊ से फाइनल हुए हैं। उनकी बातचीत सुनकर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए फिर वह चुप हो गए। मैंने साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के खिलाफ किसी भी कीमत पर नहीं सुना जाएगा।

0 Comments